मुख्य चुनाव अधिकारी का फार्म 20 में परिवर्तन करना रहस्यपूर्ण: बबीता शर्मा

गुवाहाटी, 12 जनवरी (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा प्रवक्ता बबीता शर्मा ने असम के मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा फॉर्म 20 में किए गए परिवर्तन को रहस्यपूर्ण बताया है। आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में बबीता शर्मा एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं।

उन्होंने मुख्य चुनाव अधिकारी से सवाल किया कि दशकों से ऐसा नियम बना हुआ था कि फॉर्म 20 के तहत पोलिंग बूथ के नंबर के साथ पोलिंग बूथ का नाम तथा उम्मीदवारों के नाम के साथ राजनीतिक दलों के नाम प्रकाशित किए जाते थे। लेकिन, रहस्यपूर्ण तरीके से इसे चुनाव आयोग की वेबसाइट से हटा दिया गया। और तो और इसकी जानकारी तक सार्वजनिक नहीं की गई। इसके आलोक में कांग्रेस पार्टी ने सवाल उठाया है कि आखिर चुनाव अधिकारी ने ऐसा किसको लाभ पहुंचाने के लिए किया। पोलिंग नंबर के साथ पोलिंग बूथ का नाम क्यों नहीं प्रकाशित किया गया? उम्मीदवारों के नाम के साथ उनके राजनीतिक दलों के नाम क्यों नहीं प्रकाशित किए गए? मुख्य चुनाव अधिकारी जनता को सूचना के अधिकार से क्यों वंचित कर रहे हैं?

संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस नेता बबीता शर्मा ने चुनाव अधिकारी से तत्काल ही इसे सुधारने तथा परंपरागत तरीके से फिर से प्रकाशित करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव अधिकारी को पत्र भेजा गया है। संवाददाता सम्मेलन के दौरान उन्होंने पत्रकारों के अन्य कई सवालों के सीधे-सीधे उत्तर दिए। इस दौरान उनके साथ पार्टी के प्रवक्ता बेदब्रत बोरा तथा अन्य नेता भी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर