भाजपा प्रदेश में नमो एप से चलाएगी विशेष अभियान, लोस चुनाव तैयारियों की बनाई रणनीति

देहरादून, 12 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश में नमो एप से विशेष अभियान चलाएगी। भाजपा ने विकसित भारत एंबेसडर अभियान और संगठन के लोकसभा चुनाव से संबंधित कार्यक्रम तय किए हैं। योजना के तहत राज्य की सीटों को दो कलस्टर में बांटते हुए कैबिनेट मंत्रियों को उसका प्रभारी बनाया गया है। साथ ही गांव चलो अभियान में सभी 11729 बूथों पर सीएम, प्रदेश अध्यक्ष, मंत्री, सांसद, विधायक समेत पार्टी पदाधिकारी पूरे 24 घंटे मौजूद रहेंगे।

बलबीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नमो एप पर जारी विकसित भारत एंबेसडर 100 दिवसीय चैलेंज को संगठन स्तर पर गति दी जा रही है। जिसका उद्देश्य राष्ट्र की सामूहिक शक्ति का उपयोग करना, विकास के एजेंडे को मजबूत करना और विकसित भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए 140 करोड़ भारतीयों की सहभागिता सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत नमो एप के माध्यम से सर्वे भी किया जा रहा है। जिसमें संबंधित क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं की पहुंच और उससे होते सकारात्मक बदलाव के साथ वहां सक्रिय भूमिका निभाने वाले तीन महत्वपूर्ण लोगों के नाम भी मांगे गए हैं। नमो एप पर लोगों को जोड़ने के लिए सांसदों के लिए 30 हजार, विधायकों के लिए 20 से 25 हजार और पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के लिए 10 से 15 हजार लोगों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान को लेकर एक प्रदेश स्तरीय टीम का गठन भी किया गया है, जिसमें प्रदेश प्रभारी के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार, संयोजक के रूप में नमो एप के प्रदेश संयोजक अनूप रावत, सह संयोजक मनीष सैनी, रंजना चतुर्वेदी, विकास शर्मा, प्रदीप गिरी को जिम्मेदारी दी गई है।

महेन्द्र भट्ट ने बताया कि केंद्रीय योजना के तहत राज्य को दो कलस्टरों में बांटा गया है। जिसमें गढ़वाल मंडल की 3 लोकसभा सीटों का केंद्र देहरादून का प्रभारी मंत्री डॉ धन सिंह रावत को बनाया गया है और कुमाऊं की दो सीटों के केंद्र हल्द्वानी की जिम्मेदारी मंत्री सौरभ बहुगुणा को दी गई है। उनके सहयोग के लिए सह प्रभारी एवं लोकसभा प्रभारी, सहप्रभारी संयोजक के नामों की घोषणा शीघ्र की जाएगी। सर्वप्रथम कलस्टर स्तर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यक्रम हमें प्राप्त होंगे, जिसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

उन्होंने कहा कि 5 जनवरी से शुरू हुए दिवार लेखन अभियान को अब आगे 15 जनवरी से मुख्यमंत्री, मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों द्वारा बूथ स्तर पर चुनाव आचार संहिता तक व्यापक रूप से चलाया जाएगा। इसी तरह पार्टी के ज्वाइनिंग के अभियान को मकर सक्रांति के बाद अगले दो महीने तक तेजी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। जिसके लिए राज्य स्तरीय कमेटी के गठन के बाद अब जिला स्तरीय टीम बनाई जा रही है।

महेन्द्र भट्ट ने बताया कि गांव चलो अभियान में 4 से 6 फरवरी के मध्य मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक समेत प्रधान स्तर के सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि और संगठन के प्रदेश से लेकर मंडल स्तर के सभी पदाधिकारी प्रवास करेंगे। जिसके तहत राज्य के 11729 बूथों पर इतने ही पार्टी प्रतिनिधि इस दौरान 24 घंटे संबंधित बूथ पर जनता के बीच बिताएंगे। इस दौरान वे सरकार के कामों और उनके प्रभाव की जानकारी देंगे और लेंगे। साथ जनता की समस्याओं और सुझावों को एकत्र कर उनके समाधान का भरोसा दिलाएंगे। इसी तरह श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के तहत 14 से 22 जनवरी तक तीर्थ क्षेत्र स्वच्छता और मंदिर में भजन कीर्तन अभियान को वृहद स्वरूप पर चलाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अब तक कुल 2 लाख 43 हजार 180 लोग विकसित भारत एंबेसडर के तहत नमो एप को डाउनलोड कर चुके हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने चमोली जिला पंचायत अध्यक्ष हटाए जाने को जायज ठहराते हुए कहा कि जो भ्रष्टाचार करेगा उसे भाजपा सरकार नहीं बख्शेगी। उन्होंने पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन को लेकर पूछे सवाल के जवाब में कहा कि पार्टी की तरफ से जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब उन्होंने दिया है। जिस पर पार्टी की अनुशासन समिति एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों की ओर से विस्तृत विचार विमर्श किया जा रहा है। शीघ्र इस प्रकरण में निर्णय ले लिया जायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर