नगांव के पुलिस फायरिंग रेंज में स्मोक सेल फटने से चार नाबालिग घायल

नगांव (असम), 12 जनवरी (हि.स.)। जिले में शुक्रवार की रात पुलिस फायरिंग रेंज में हुए विस्फोट में चार नाबालिग घायल हो गए। यह घटना नगांव शहर से सटे कंदाली इलाके में हुई। घायल नाबालिगों को नगांव मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

नगांव के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नवनीत महंत ने कहा, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह बम विस्फोट नहीं था। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि फायरिंग रेंज के मैदान में स्मोक सेल का गोला पड़ा हुआ था। कुछ नाबालिगों ने खेलते समय स्मोक सेल को उठाकर फेंक दिया, जिसके चलते उसमें विस्फोट हो गया।

पुलिस अधीक्षक नवनीत महंत ने कहा कि कुछ घायलों के पैरों में मामूली चोटें आई हैं। एक का हाथ जख्मी हो गया। हालांकि, किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। एसपी ने बताया कि चार बच्चों मंगलेश्वर सांउताल, रंजू मोदी, बिकास सांउताल और नीतूमोनी गोगोई का अस्पताल में इलाज किया गया और उन्हें छुट्टी दे दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार/समीप/अरविंद/प्रभात

   

सम्बंधित खबर