श्रीराम से पहले बाबर को नमन करेगा नेहरू परिवार: मुख्यमंत्री

गुवाहाटी, 13 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि यदि भगवान श्रीराम और बाबर की प्रतिमा एक जगह खड़ी कर दी जाए तो सोनिया गांधी और राहुल गांधी का परिवार पहले बाबर को प्रणाम् करेगा। मुख्यमंत्री आज मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

कांग्रेस द्वारा राम मंदिर 'प्राण प्रतिष्ठा' के निमंत्रण को अस्वीकार करने पर उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद ने राहुल गांधी और सोनिया गांधी को अपना पाप धोने का बहुत बड़ा मौका दिया था, लेकिन उन्होंने यह मौका गंवा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों ने पूरे देश में रामलला के खिलाफ एक इको सिस्टम तैयार किया, ताकि रामलला का मंदिर नहीं बने। फिर भी उन्हें इसमें आमंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू से लेकर राहुल गांधी तक- सभी ने अफगानिस्तान में जाकर बाबर का दर्शन किया। उन लोगों को बाबर से प्रेम है।

मुख्यमंत्री डॉ सरमा ने कहा कि वे बाबर से प्यार करते हैं, भगवान श्रीराम से नहीं। इसलिए उन्हें आमंत्रित करने का निर्णय ही गलत था। केवल भगवान श्रीराम में आस्था रखने वालों को ही आमंत्रित किया जाना चाहिए था।

इससे पहले अपने एक्स हैंडल पर डॉ सरमा ने गांधी परिवार की अफगानिस्तान में बाबर के मकबरे की यात्रा पर भी सवाल उठाया, विशेष रूप से 2005 में राहुल गांधी की यात्रा पर प्रकाश डाला। मीडिया के सवाल पर उन्होंने भड़कते हुए पूछा कि रामलला से इतनी नफरत क्यों है? आप हिंदुओं से इतनी नफरत क्यों करते हैं?

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर