पलवल: गुरु गोविंद सिंह जी का इतिहास में बड़ी भूमिका: जगमोहन गोयल

पलवल, 15 जनवरी (हि.स.)। पलवल में गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व सोमवार को बड़ी धूमधाम से मनाया गया। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारे में आयोजित समारोह में भाजपा पलवल जिला उपाध्यक्ष जगमोहन गोयल ने गुरुद्वारा में आयोजित अखंड पाठ में माथा टेक सबके सुख समृद्धि की कामना की।

जगमोहन गोयल ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी ने भारतीय इतिहास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्हें मुगल साम्राज्य के खिलाफ अपनी सैन्य जीत और सिख भाईचारे खालसा पंथ की स्थापना के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी का त्याग समर्पण सेवा बलिदान राष्ट्र धर्म धरा धेनु के प्रति कर्तव्यों की जीवंत अमर गौरव गाथा है। वे खालसा पंथ के संस्थापक और एक महान कर्म योगी योद्धा थे। उनके बलिदान, त्याग और समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।

भाजपा पलवल उपाध्यक्ष गोयल ने कहा कि दसवीं पातशाही श्री गुरू गोबिंद सिंह जी के वीर सपूत साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह जी ने महज नौ वर्ष की आयु में जिस दृढ़ता, शौर्य और बुद्धिमता के साथ उन्होंने धर्म और न्याय की रक्षा के लिए क्रूर और अत्याचारी शासन का सामना किया, वह अपने आप में अद्भुत है। जिस उम्र में बच्चे बात को ठीक से बोल और समझ भी नहीं पाते, उस छोटी आयु में उन्होंने अन्याय और अनाचार के खिलाफ मुखर होकर स्वर बुलंद किए। उनका जीवन सिख इतिहास के गौरवशाली अध्याय में एक है जो हमें सत्य, न्याय, धर्म और कर्तव्य परायणता के मार्ग पर चलने को प्रेरित करता है। गुरूद्वारा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लंगर ग्रहण किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ गुरुदत्त/संजीव

   

सम्बंधित खबर