बिहार में सता रही सर्दी, 14 जिलों में चल रही शीतलहर

पटना, 16 जनवरी (हि.स.)। बिहार में लगातार गिर रहे तापमान और चल रही शीतलहर से लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सुबह से ही कोहरा छाया रह रहा है और दिनभर ठंड हवा के कारण लोग घर में रहने को मजबूर हैं। इसे देखते हुए पटना सहित कई जिलों के निजी और सरकारी स्कूलों को आज तक के लिए बंद कर दिया है। मौसम के कारण हवाई और रेल यात्रा प्रभावित है। कोहरे के कारण विमान और ट्रेनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। पटना की फ्लाइट्स जहां लगातार रद्द हो रही हैं, वहीं दर्जनों ट्रेनें लेट चल रही हैं।

पटना समेत राज्य के अधिकतर जिलों में शीत दिवस जैसे हालात हैं। पूर्णिया, बक्सर पटना, गया, मुजफ्फरपुर, फारबिसगंज, सबौर, गोपालगंज, जमुई, वैशाली, औरंगाबाद, बांका, सीवान और कैमूर शहर में शीत दिवस के हालात हैं। पटना समेत राज्य के अधिकतर जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। सोमवार को पटना सहित 8 शहरों के अधिकतम तापमान में वृद्धि और 23 शहरों में गिरावट आयी।

मौसम विभाग के मुताबिक, एक चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिणी बांग्लादेश एवं आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर मौजूद है। इस चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से अगले 24 घंटे के दौरान राज्य का मौसम शुष्क बना रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंदा/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर