रायपुर : उप मुख्यमंत्री साव का बड़ा निर्णय, नगरीय निकायों को 215 करोड़ जारी
- Admin Admin
- Jan 17, 2024
रायपुर, 17 जनवरी (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने आज बुधवार को प्रदेश के सभी 14 नगर निगमों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मंत्रालय में आयोजित बैठक में शहरों में विकास और सुविधाएं बढ़ाने के काम में तेजी लाने के दिए निर्देश दिए। उनकी समीक्षा बैठक के बाद विभाग ने आज ही नगरीय निकायों में विकास कार्यों के लिए 215 करोड़ की राशि जारी कर दी है।
उप मुख्यमंत्री ने बैठक में सभी नगर निगम आयुक्तों को अपनी टीम और जनप्रतिनिधियों के साथ सप्ताह में तीन दिन निर्माण और सफाई कार्यों के निरीक्षण के निर्देश दिए। उन्होंने इस पर गंभीरता से अमल करते हुए निरीक्षण के फोटो भी साझा करने को कहा। साव ने सभी नगर निगमों में वार्डवार निरीक्षण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान वे खुद भी सुबह किसी भी दिन किसी भी नगर निगम में पहुंच सकते हैं। उन्होंने 22 जनवरी को अयोध्या में राममंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर शहरों के सभी वार्डों में जन सहयोग से स्वच्छता अभियान संचालित करने को कहा। नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजू एस., विशेष सचिव पीएस ध्रुव, संचालक कुंदन कुमार और सूडा के सीईओ सौमिल रंजन चौबे भी समीक्षा बैठक में शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार/गायत्री प्रसाद