जवाहर कला केन्द्र में शनिवार से संस्कृति सेतु उत्सव

जयपुर, 19 जनवरी (हि.स.)। जवाहर कला केन्द्र की ओर से कला संसार मधुरम के अंतर्गत 20-21 जनवरी को संस्कृति सेतु उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन शनिवार को सायं 4:30 बजे कृष्णायन में संवाद प्रवाह होगा। 'राम अविराम' सत्र में वरिष्ठ साहित्यकार पद्मश्री (डॉ.) चंद्र प्रकाश देवल, लेखक व साहित्यकार सलीम ख़ान फरीद साहित्य में राम भाव पर चर्चा करेंगे। शिक्षाविद् डॉ. विशाल विक्रम सिंह मॉडरेटर रहेंगे। इसके बाद सायं 5:45 बजे से रजनी आचार्य के निर्देशन में बिसाऊ की प्रसिद्ध मूक रामलीला पर तैयार फिल्म की स्क्रीनिंग की जायेगी। मूक रामलीला ने बिसाऊ की गलियों से विश्व पटल का रास्ता तय किया है, पारंपरिक वेशभूषा में तैयार मुखौटे लगाए पात्र अभिनय से भावों को प्रदर्शित करते हैं।

उत्सव के दूसरे दिन रविवार को रंगायन में सायं 6:30 बजे सुमिरन में पंडित प्रशांत मल्लिक और निशांत मल्लिक ध्रुवपद गायन की प्रस्तुति देंगे। गौरव शंकर उपाध्याय पखावज पर संगत करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश सैनी/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर