सुशील मोदी ने पुलिस पर लालू प्रसाद के पोतों को बचाने का लगाया आरोप

पटना, 19 जनवरी (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद सुशील मोदी ने नगर विकास विभाग के कार्यपालक पदाधिकारी पर जानलेवा हमला करने वाले लालू यादव के पोतों तनुज यादव और नयन यादव को बचाने का आरोप पुलिस पर लगाया है। सुशील मोदी ने कहा कि आरोपित तनुज यादव और नयन यादव रिश्ते में राजद प्रमुख लालू प्रसाद के पोते हैं। इसलिए पुलिस ने दोनों को बचाने के लिए मामूली धाराओं में मामला दर्ज किया है जबकि आरोपितों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के अन्तर्गत कार्रवाई करनी चाहिए थी।

उन्होंने कहा कि घायल अधिकारी जिंदगी-मौत से जूझ रहे हैं लेकिन उन्हें अधमरा करने वालों की तीन दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस दिखावे के लिए कार्रवाई कर रही है। क्योंकि, उसे मालूम है कि मामला लालू-तेजस्वी से जुड़ा है। एक अधिकारी को गाड़ी से खींच कर उसके बेहोश होने तक लाठी-डंडे से पीटना लॉ एंड आर्डर की सामान्य घटना नहीं, बल्कि पब्लिक आर्डर बिगड़ने का मामला है। नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद से हाथ मिलाकर अपराध और भ्रष्टाचार दोनों से समझौता कर लिया है। इसलिए इस राज में पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों पर लगातार हमले हो रहे हैं।

सुशील मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार और अपराधियों को संरक्षण देने के विभिन्न आरोपों में घिरे लालू-राबड़ी परिवार का बचाव करना छोड़ कर नीतीश कुमार को अब 2005 के अच्छे प्रशासक वाले रूप में लौटना चाहिए। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव केवल दिखावे के लिए सख्त कार्रवाई करने वाला बयान दे रहे हैं और पुलिस ने भी दिखावे के लिए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। सब कुछ स्क्रिप्टेड है। पुलिस लालू-तेजस्वी के इशारों पर काम कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंदा/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर