मप्रः बदमाशों की फायरिंग से प्रधान आरक्षक मौत, मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया दुख

- मृतक आरक्षक को शहीद का दर्जा, परिजनों को मिलेगी एक करोड़ रुपये की श्रद्धा निधि

भोपाल, 19 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी जिले के पुलिस के जांबाज प्रधान आरक्षक राकेश ठाकुर के दु:खद निधन पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधान आरक्षक ठाकुर के बलिदान को नमन और परिजनों के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को कहा कि पुलिसकर्मी को शहीद का दर्जा दिया जाएगा और राज्य सरकार द्वारा उनके परिवार को श्रद्धा निधि के रूप में एक करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही स्व. ठाकुर के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। मध्यप्रदेश सरकार शहीद के परिजनों के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि घटना के तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार एक अन्य आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की जमीन पर अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

गौरतलब है कि सिवनी जिले के डूंडासिवनी थाना अंतर्गत चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपितों की लोकशन मिलने पर गुरुवार की रात पुलिस ग्राम लखनवाडा और बम्होडी के पास पहुंची थी। इस दौरान आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिग कर दी, जिससे प्रधान आरक्षक राकेश ठाकुर गंभीर घायल हो गए। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर रैफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार ग्राम डोभ में राजकीय सम्मान के साथ किया गया।

सिवनी पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि आरोपितों के विरूद्ध भादवि की धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से मौके पर एक रिवाल्वर , 20 से 25 राउड तथा एक इनोवा वाहन भी जब्त किया है। क्राइम बांच पुलिस सहित आसपास के सभी जिलो की पुलिस फरार आरोपित की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही आरोपित पुलिस गिरफ्त में होगा। आरोपित भिंड जिले का रहने वाला है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर