सिरसा: बेटी से मिलने विदेश गई बुजुर्ग महिला के मकान पर कब्जा

सिरसा,20 जनवरी (हि.स.)। कनाडा में अपनी बेटी से मिलने गई एक बुजुर्ग महिला के मकान पर पड़ोस के लोगों ने कब्जा कर लिया। महिला वापस इंडिया लौटी तो पड़ोसियों ने उस पर राइफल तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए मकान में घुसने नहीं दिया। यह घटना गांव हारनी की है। शनिवार को रानियां थाना पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार, गांव हारनी खुर्द निवासी शुभ चरण कौर की बेटी कनाडा में रहती है। 25 जुलाई 2023 को शुभचरण कौर बेटी से मिलने कनाडा चली गई। 31 दिसंबर 2023 को पड़ोस में रहने वाले संतोख सिंह,जगनदीप सिंह पुत्र संतोख सिंह, सिमरजीत कौर पत्नी संतोख सिंह, अर्षवीर सिंह पुत्र संतोख सिंह,बलकार सिंह व गुलाब सिंह शुभचरण कौर के मकान में जबरन घुस गए। उक्त लोगों ने मकान में लगे सीसीटीवी तोड़ दिए और मकान में काफी तोड़फोड़ की। शुभचरण कौर का कहना है कि सीसीटीवी बंद होने के बाद उसने अपनी कामवाली शीला रानी को फोन किया तो उसने बताया कि उक्त लोगों ने मकान में

घुसकर तोड़फोड़ की है और एक दीवार तोड़कर नई दीवार बना दी है। शुभचरण कौर का कहना है कि यह जानकार वह विदेश से वापस भारत लौटी। इसके बाद वह अपने मकान में गई तो उक्त लोगों ने उसे अंदर घुसने नहीं दिया और उस पर राइफल तान कर जान से मारने की धमकी देने लगे। अब उक्त लोगों ने उसके मकान पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया है और अंदर 5-6 बदमाश बैठा रखे हैं।

शुभ चरण कौर का कहना है कि वह हार्ट की मरीज है और बुढ़ापे में बीमारियों से ग्रस्त है। ये मकान उसका है और इसके सारे कागजात उसके पास हैं। आरोपियों ने उसके विदेश में जाने का फायदा उठा कर मकान पर जबरन कब्जा कर लिया। शुभ चरण कौर ने पुलिस से गुहार लगाई है कि मेरे मकान से कब्जाधारियों को हटाकर सख्त कार्रवाई की जाए।

जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही बुजुर्ग महिला के मकान से आरोपियों से कब्जा छुड़वा कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/रमेश/संजीव

   

सम्बंधित खबर