राम राज्य मोदी सरकार के लिए प्रेरणा का स्रोत: विबोध

जम्मू, 20 जनवरी (हि.स.)। केंद्र में पीएम मोदी की सरकार भगवान राम के शासन के सिद्धांतों से प्रेरित है क्योंकि भगवान राम ने हमें अपनी प्रतिबद्धताओं का सम्मान करना सिखाया है और केंद्र सरकार गरीबों के कल्याण और उनके सशक्तिकरण के लिए पीएम द्वारा निर्धारित सभी लक्ष्यों को पूरा कर रही है। ये टिप्पणी जम्मू-कश्मीर भाजपा महासचिव और प्रभारी बूथ जन संवाद अभियान विबोध गुप्ता ने जम्मू में मुट्ठी पलौडा मंडल में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए की। यह कार्यक्रम भाजपा के बूथ जनसंवाद अभियान के समापन कार्यक्रम का हिस्सा था।

विबोध ने अपने संबोधन में यह भी बताया कि अभियान का मुख्य फोकस 5 अगस्त 2019 के बाद मोदी सरकार की विभिन्न विकासात्मक पहलों पर था। यह अभियान नागरिकों और पार्टी नेताओं के बीच की दूरी को पाटने के लिए था और विभिन्न मुद्दों पर खुली बातचीत के लिए एक मंच तैयार किया है। विबोध ने उन मुद्दों पर प्रकाश डाला जो लोगों के लिए सबसे ज्यादा मायने रखते हैं। विबोध ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत अब तक जम्मू-कश्मीर में 2800 बैठकें आयोजित की गईं और 3.25 लाख लोग इस संवाद में शामिल हुए।

इसी बीच बूथ जन संवाद अभियान की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए विबोध ने कहा कि वह इस अभियान के दौरान लोगों द्वारा प्रदर्शित प्रतिक्रिया और उत्साह से संतुष्ट हैं। यह पीएम मोदी और भाजपा सरकार की परिवर्तनकारी दृष्टि में लोगों के विश्वास की पुष्टि करता है। गरीबों और वंचितों के कल्याण के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए विबोध ने कहा कि इन योजनाओं की सफलता स्पष्ट रूप से समावेशी विकास और कल्याण के प्रति सरकार के समर्पण को रेखांकित करती है।

हिन्दुस्थान समाचार/राहुल/बलवान

   

सम्बंधित खबर