पहाड़ी के पास बसी कॉलोनी में लेपर्ड की हलचल से दहशत

उदयपुर, 21 जनवरी (हि.स.)। उदयपुर में बलीचा स्थित पंडित दीन दयाल नगर में शनिवार रात लेपर्ड की हलचल देखी गई। लेपर्ड दिखने के बाद कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है। रात करीब 12.30 बजे कॉलोनी के आर-3 से आर-4 ब्लॉक के बीच सड़क पर लेपर्ड दिखाई दिया। क्षेत्रवासी हितेष उस वक्त अपनी कार से घर पहुंचे ही थे, तब लेपर्ड उनकी कार के आगे चल रहा था। हितेष ने अपने मोबाइल से इसका वीडियो बना लिया।

अन्य क्षेत्रवासियों का कहना है कि इससे पहले भी कॉलोनी में कई बार लेपर्ड की हलचल देखी जा चुकी है। करीब सालभर पहले वन विभाग ने पास के जंगल में पिंजरा भी लगाया था, लेकिन लेपर्ड पकड़ा नहीं गया।

लोगों का कहना है कि कॉलोनी पहाड़ियों और वनक्षेत्र के पास बसी है। स्वाभाविक रूप से लेपर्ड की हलचल रहती ही होगी। उन्होंने इस संबंध में वन विभाग को सूचना दी है ताकि मानव आबादी की तरफ आ रहे लेपर्ड को पिंजरा लगाकर पकड़ा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुनीता कौशल/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर