कुनो में नन्हे चीता शावकों का जन्म प्रदेश के लिए सौभाग्यः मुख्यमंत्री डॉ. यादव

- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को दी बधाई

भोपाल, 23 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कुनो राष्ट्रीय उद्यान में शुरू किया गया अभिनव प्रकल्प चीता प्रोजेक्ट सफल हो रहा है। एशिया से गायब हुए चीता मध्यप्रदेश के पारिस्थितिक तंत्र में न सिर्फ फल फूल रहा है, बल्कि वंश वृद्धि में भी लगा है। यह प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुनो में मादा चीता ज्वाला ने तीन नन्हे चीता शावकों को जन्म दिया है। प्रदेश में चीता प्रजाति के प्राणियों की संख्या अब 21 हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में चीतों के कुनबे में वृद्धि होने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है।

चीता परियोजना अन्य देशों के लिये वन्य जीव प्रबंधन का आदर्श उदाहरणः मंत्री चौहान

वहीं, प्रदेश के वन मंत्री नागर सिंह चौहान ने पालपुर कूनो नेशनल पार्क में चीता परिवार में नये सदस्यों के जन्म पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि पालपुर कूनो नेशनल पार्क का वातावरण चीतों के स्वास्थ्य के लिये अनुकूल साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि चीता परियोजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदृष्टि का सफल परिणाम है। चीता संरक्षण एवं संवर्धन के लिये प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से मध्यप्रदेश और देश का नाम दुनिया में हुआ है।

उन्होंने कहा कि वन्य जीव प्रबंधन की दृष्टि से चीता परियोजना अन्य देशों के लिये एक उदाहरण बन गई है। वन्य जीव विशेषज्ञ चीता परियोजना का अध्ययन करने मध्यप्रदेश आ रहे हैं। वन मंत्री चौहान ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा

   

सम्बंधित खबर