राहुल गांधी के काफिले पर हमले के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

लखनऊ, 23 जनवरी (हि.स.)। राहुल गांधी द्वारा निकाली जा रही ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के असम पहुंचने पर हुए हमले के विरोध में प्रदेश में कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मंगलवार को प्रदेश के सभी जनपदों में कांग्रेसजनों द्वारा ‘प्रतिरोध मार्च’ कर आक्रोश व्यक्त किया गया।

इसी क्रम में राजधानी लखनऊ में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में परिवर्तन चौक पर कांग्रेसजनों ने एकत्रित होकर हाथों में कांग्रेस का झंडा लेकर ‘राहुल गांधी संघर्ष करो हम आपके साथ हैं’ एवं ‘राहुल के दिवाने कहां चले भाई कहां चले, जेल चले भाई चले’ के नारों की गूंज के साथ विधानसभा की ओर प्रतिरोध मार्च करते हुए कूच किया।

प्रतिरोध मार्च करते हुए कांग्रेसजनों को भाजपा की पुलिस द्वारा रास्ते में केडी सिंह बाबू स्टेडियम पर बैरिकेड लगाकर बलपूर्वक रोक दिया गया। इससे आक्रोशित कांग्रेसजन वहीं धरने पर बैठ गये, जहां पर भारी संख्या में तैनात पुलिस एवं कांग्रेसजनों की आपस में झड़प हुई। तद्पश्चात पुलिस प्रशासन द्वारा कांग्रेसजनों को सरकारी वाहनों में जबरन बैठाकर ईको गार्डेन ले जाया गया।

प्रतिरोध मार्च प्रदर्शन में प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री डॉ मसूद अहमद, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभारी प्रशासन दिनेश कुमार सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, प्रदेश महासचिव मुकेश सिंह चौहान, प्रदेश सचिव सच्चिदानंद पाण्डेय, मेजर राणा शिवम सिंह, रूद्र दमन सिंह, नरेंद्र गौतम, अमित त्यागी आदि कांग्रेसजन मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेन्द्र/आकाश

   

सम्बंधित खबर