उत्तर प्रदेश साहित्य, संस्कृति और कलाओं से संपन्न प्रदेश: राज्यपाल

जयपुर, 24 जनवरी (हि.स.)। राज्यपाल कलराज मिश्र ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दी हैं। राजभवन में आयोजित उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर बुधवार को उन्होंने उत्तर प्रदेश के स्थानीय निवासियों से अनौपचारिक संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य ही नहीं है बल्कि साहित्य, संस्कृति और कलाओं की दृष्टि से भी इस राज्य ने देश को निरंतर संपन्न किया है।

राज्यपाल ने उत्तरप्रदेश राज्य के निर्माण की चर्चा करते हुए कहा कि 24 जनवरी 1950 को संयुक्त प्रांत का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश किया गया था। उन्होंने बताया कि मई 2017 में, उत्तर प्रदेश सरकार ने हर साल 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस मनाने की घोषणा की।

उन्होंने उत्तर प्रदेश को भारत की विविधता में एकता की विशिष्ट भूमि बताते हुए कहा कि राजभवन में राज्यों का स्थापना दिवस मनाने का यही ध्येय है कि ’एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की हमारी गौरवमयी संस्कृति को स्मरण करते हुए देश के विकास में भागीदार बन सके।

उत्तरप्रदेश स्थापना दिवस पर भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी सुबोध अग्रवाल, नेहा गिरी, अर्चना सिंह, शुचि त्यागी, आरती डोगरा, वन सेवा की अधिकारी कविता सिंह आदि ने भी अपने अनुभव साझा किए। इस मौके पर उत्तरप्रदेश के लोगों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश सैनी/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर