चोपड़ा और कूचबिहार को लेकर बंगाल विधानसभा में भाजपा विधायकों का प्रदर्शन

कोलकाता, 02 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चार महिला विधायकों ने उत्तर दिनाजपुर जिले में एक युगल पर हमले और कूचबिहार में एक महिला को प्रताड़ित करने की घटना के विरोध में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन पश्चिम बंगाल विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया। आसनसोल से भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल और तीन अन्य विधायकों ने दोनों घटनाओं में शामिल लोगों को सजा देने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन किया, ताकि लोगों को इस तथ्य से अवगत कराया जा सके कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में पश्चिम बंगाल की महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।

भाजपा की राज्य इकाई की महासचिव पाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के बारे में लोगों को बताने के लिए हम विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य में महिलाएं बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं हैं।

उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा इलाके में कथित प्रेम संबंधों को लेकर एक युगल की बेरहमी से पिटाई किए जाने का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए आरोपित तृणमूल नेता तजमुल उर्फ जेसीबी को गिरफ्तार कर लिया था।

भाजपा ने आरोप लगाया कि आरोपित, चोपड़ा से विधायक हमीदुल इस्लाम का करीबी है। तृणमूल कांग्रेस ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि पार्टी इस तरह की गतिविधियों का समर्थन नहीं करती।

कूचबिहार जिले के माथाभंगा में 25 जून को भाजपा की एक महिला नेता को निर्वस्त्र कर उसे प्रताड़ित किया गया था। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर