सीतापुर, गोला अलीगंज व बिजुआ मार्ग के लिए 48.06 करोड़ रुपये स्वीकृत

लखीमपुर खीरी, 24 जनवरी (हि.स.)। सीतापुर, गोला अलीगंज व बिजुआ मार्ग को जल्द ही चौड़ीकरण किया जाएगा। जिसके लिए लोक निर्माण विभाग मंत्री उत्तर प्रदेश जतिन प्रसाद ने 48.06 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर दी है। इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण से सीतापुर, गोला, अलीगंज, बिजुआ सहित भीरा, पलिया, दुधवा, गौरीफंटा और नेपाल आने जाने वालों को भी लाभ मिलेगा।

लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि सीतापुर अलीगंज बिजुआ मार्ग की लम्बाई 15.65 किलोमीटर है, जिसका चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। मार्ग के चौड़ीकरण हो जाने से लेपित सतह की चौड़ाई सात मीटर (2 लेन) हो जाएगी। मार्ग के इस भाग के लेपित सतह की चौड़ाई वर्तमान में 3.75 मीटर है। चौड़ीकरण होने से इस राज्य मार्ग की सम्पूर्ण लम्बाई में लेपित सतह की चौड़ाई सात मीटर (2 लेन) हो जाएगी।

उन्होंने बताया कि यह मार्ग बरेली-लखनऊ मार्ग (एन०एच०-30) से निकलकर पीलीभीत-बस्ती मार्ग (एनएच-730) को क्रॉस करते हुए छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध गोला गोकर्णनाथ से होते हुए लखीमपुर-बिजुआ- भीरा-पलिया-दुधवा-गौरीफण्टा मार्ग (एसएच-90) को जोड़ता है। जो दुधवा नेशनल पार्क होते हुए अन्तरराष्ट्रीय सीमा नेपाल से जाकर मिलता है। मार्ग के बन जाने से श्रावण मास में गोला गोकर्णनाथ (छोटी काशी) में लगने वाले प्रसिद्ध मेले में भगवान शिव के दर्शन करने एवं कांवड़ यात्रा में आने वाले भीरा, पलिया, निघासन एवं नेपाल राष्ट्र से आने वाले श्रद्धालुओं को कम दूरी का सुगम मार्ग उपलब्ध हो जाएगा। गोला में बजाज चीनी मिल, नवीन गल्ला मण्डी, गोला तहसील, मुख्य बाजार स्थित है।

लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि उक्त मार्ग के चौड़ीकरण होने से कृषकों द्वारा अपनी उपज को मण्डी ले जाने के लिए सुगम यातायात उपलब्ध हो जाएगा। इस क्षेत्र का सीधा सम्पर्क ब्लॉक मुख्यालय बिजुआ एवं तहसील मुख्यालय से हो जाएगा। इस मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण हो जाने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा आसपास के लोगों का चहुमुखी विकास होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/देवनन्दन /दीपक/विद्याकांत

   

सम्बंधित खबर