रायपुर: कांग्रेस नेताओं ने समृद्ध और लोकतांत्रिक भारत की नींव रखी : दीपक बैज

75वें गणतंत्र दिवस की दी हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई

रायपुर, 26 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में शुक्रवार को ध्वज फहराया गया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का संदेश वाचन किया गया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि आजादी के बाद भारत को प्रजातांत्रिक गणराज्य बनाना कांग्रेस का संकल्प था, इसके लिये संविधान सभा की स्थापना की गई। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में संविधान का निर्माण हुआ। 26 जनवरी 1950 को स्वतंत्र भारत के संविधान को आत्मसात किया गया। 26 जनवरी 1950 को देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने 21 तोपों की सलामी के साथ ध्वज फहराकर भारत को पूर्ण गणतंत्र घोषित किया। जहां एक तरफ हमारा संविधान हमें आजादी के साथ जीने का हक देता है, तो दूसरी तरफ हमारे कुछ मौलिक कर्तव्यों की भी याद दिलाता है।

भारत का संविधान दुनिया के अन्य देशों के संविधान के मुकाबले में कई दृष्टिकोण से विशेष है। भारतीय संविधान दुनिया का सबसे लंबा लिखित संविधान है। इसमें देश के नागरिकों के मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और सरकार की भूमिका के साथ प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री की शक्तियों का वर्णन किया गया है। संविधान में वर्णित नीति निर्देशक तत्व चुनी हुई सरकारों को जनता के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक उन्नति के लिये कार्य करने निर्देशित करता है। विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका का क्या काम है ? उनकी देश को चलाने में क्या भूमिका है ? इन सभी बातों का जिक्र संविधान में किया गया है।

दीपक बैज ने कहा कि आज हमारे संविधान के मूल्यों पर हमला हो रहा है। संविधान प्रदत्त नागरिक अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं पर सुनियोजित तरीके से हमला हो रहा है। ऐसे समय कांग्रेस पार्टी की भूमिका देश के लोकतंत्र और भारत के संविधानिक मूल्यों को बचाने के लिये और बढ़ जाती है। हमें गर्व है कि अपनी इस जिम्मेदारी को हमारा नेतृत्व भली भांति समझता है।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल

   

सम्बंधित खबर