संभावनाओं को विकसित करके सांभर उत्सव को रन फेस्टिवल स्तर का बनाएं : उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी

जयपुर, 26 जनवरी (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि सांभर लेक क्षेत्र में पर्यटन की बहुत संभावनाएं है और जिन्हें विकसित करके यहां पर्यटन एवम् रोजगार के अवसरों को बढ़ाया जा सकता है। उप मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सांभर लेक में आयोजित तीन दिवसीय सांभर उत्सव के शुभारंभ के दौरान यह बात कही। यहां पर्यटकों के लिए ट्रेन से बर्ड वॉचिंग, साल्ट लेक विजिट एवं नमक निकालने की प्रक्रिया को देखने की सुविधा उपलब्ध है। उत्सव के दोरान सांभर टाउन हेरिटेज वॉक, साइकिलिंग टूर, फैंसी काइट फ्लाइंग, फोटोग्राफी कंपटीशन, दीपोत्सव, सांस्कृतिक संध्या आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये की यहा कि सभी संभावनाओं पर तत्काल काम शुरू करे और सांभर उत्सव को कच्छ के रन फेस्टिवल की तर्ज पर विकसित करे।

उन्होंने कहा कि सांभर लेक बहुत बड़े एरिया को कवर करता है और यह रामसर साईट है, यहां लाखों की संख्या में फ्लेमिंगो और अन्य विदेशी पक्षी प्रवास के लिए आते है। यदि यहां की संभावनाओं पर काम कर सुविधाएं विकसित की जाए तो यह बड़ा पर्यटन स्थल बन सकता है। इस दौरान उन्होंने पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी, फैंसी काइट आदि का भी अवलोकन किया।

उप मुख्यमंत्री ने नरियासर मोड़ के पास सांभर लेक में बर्ड वॉचिंग भी की। इस दौरान उन्होंने कहा की फ्लेमिंगो सहित अन्य कई प्रजातिओं के लाखों पक्षी हर वर्ष यहां आते है। इनके नेचुरल हैबिटेट को संरक्षित किया जाये।

27 जनवरी को सुबह 9 से 11 तक सैलानियों के लिए हेरिटेज वॉक का आयोजन होगा। सुबह 10 बजे यहां पर फैंसी काइट फ्लाइंग, आर्ट एंड क्राफ्ट स्टॉल, फोटोग्राफी एग्जीबिशन व फूड कोर्ट, सैलानियों के लिए ऊंट गाड़ी की सैर, पैरा सीलिंग, पैरा माउंटिंग, एटीवी व्हीकल्स का रोमांच आदि गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। दोपहर 2 बजे सांभर साल्ट प्रोसेसिंग टूर का आयोजन सांभर झील व नमक उत्पादन इकाई तक किया जाएगा। शाम 3.30 बजे बर्ड वाचिंग टूर, सांभर झील की सैर सैलानियों को सांभर साल्ट ट्रेन में बैठा कर दिखाई जाएगी। शाम 6 बजे देवयानी सरोवर में दीपोत्सव और रात 8 बजे मेला ग्राउंड पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।

28 जनवरी को सुबह झपोक में सुबह 7 बजे शास्त्रीय संगीत (मॉर्निंग राग सेशन) का आयोजन होगा। सुबह 9 बजे सैलानियों के लिए हेरिटेज वॉक का आयोजन होगा। 10 बजे सांभर साल्ट प्रोसेसिंग टूर का आयोजन सांभर झील व नमक उत्पादन इकाई तक किया जाएगा। झपोक में सुबह 10 बजे समापन समारोह तक यहां पर फैंसी काइट फ्लाइंग, आर्ट एंड क्राफ्ट स्टॉल, फोटोग्राफी एग्जीबिशन व फूड कोर्ट, सैलानियों के लिए ऊंट गाड़ी की सैर, पैरा सीलिंग, पैरामाउंटिंग, एटीवी व्हीकल्स का रोमांच आदि गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश सैनी/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर