प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में चार जनवरी तक बारिश संभव

जयपुर, 29 जनवरी (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ के चलते प्रदेश के मौसम बदला नजर आएगा। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की भी संभावना है। पश्चिम विक्षोभ के चलते छाए बादलों से प्रदेश के पारे में उछाल दर्ज किया गया है। छह डिग्री के साथ माउंट आबू की रात सबसे सर्द रही। प्रदेश के 13 शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में आगामी दिनों में दो बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। पहला विक्षोभ 31 जनवरी-1 फरवरी के दौरान सक्रिय होगा। इसका मुख्य प्रभाव राज्य के उत्तर-पश्चिमी व उत्तरी भागों में हल्की बारिश के रूप में होने की संभावना है। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 3-4 फरवरी को सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 3-4 फरवरी को बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र व जयपुर संभाग में मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। राज्य के दक्षिणी भागों में आगामी दिनों में मौसम मुख्यतः शुष्क बने रहने की संभावना है। आगामी दो दिन राज्य के उत्तरी व पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं घना कोहरा भी दर्ज होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार माउंट आबू के अलावा सिरोही का न्यूनतम तापमान 7.8, करौली, फतेहपुर और सीकर का 8, चूरू और पिलानी का 8.5, चितौडगढ़ का 8.6, बारां और भीलवाड़ा का 9.5, अलवर का 9.8 और जालौर का 9.9 डिग्री दर्ज किया गया। बादल छाए रहने के कारण प्रदेश के अधिकांश शहरों का दिन का तापमान गिरा तो वहीं रात के पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

जयपुर के दिन के पारे में बढ़ोतरी ओर रात के पारे में गिरावट दर्ज की गई। रात के पारे में एक डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर में सुबह घना कोहरा नजर आया। 11 बजे बाद कोहरा छंटा। दिनभर छितराए बादल छाए रहे। जयपुर का अधिकतम तापमान 25.6 ओर न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रविवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 25 और शनिवार रात का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री दर्ज किया गया ।

प्रदेश में सोमवार को 2 शहर कोल्ड डे की चपेट में रहे। 13.4 डिग्री के साथ संगरिया का दिन सबसे सर्द रहा। इसके अलावा श्रीगंगानगर का अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में बाड़मेर शहर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 28.5 और न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री दर्ज किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश/संदीप

   

सम्बंधित खबर