वर्ष 2023 में अयोध्या 5.76 और काशी पहुंचे 8.55 करोड़ श्रद्धालु

लखनऊ, 02 फरवरी (हि.स.)। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या और काशी प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में नये कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। वर्ष 2023 में अयोध्या में लगभग 5.76 करोड़ और काशी में लगभग 8.55 करोड़ लोगों ने भ्रमण किया। यह संख्या वर्ष 2022 में योध्या में पहुंचे पर्यटकों से लगभग 3.36 करोड़ और काशी में पहुंचे पर्यटकों की संख्या से लगभग 1.42 करोड़ अधिक है। पिछले 10 दिनों में अयोध्या में 25 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।

जयवीर सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी दी कि घरेलू पर्यटन मामले में उत्तर प्रदेश पूरे देश में पहले स्थान पर है। वर्ष 2022 में प्रदेश में 31,85,62, 573 पर्यटक आए थे। यह संख्या वर्ष 2021 से लगभग 180 प्रतिशत ज्यादा है। वर्ष 2022 में अयोध्या में कुल 2,39,10,479 पर्यटक आए थे। इसमें 2,39,09,014 घरेलू और 1,465 विदेशी थे। अयोध्या में वर्ष 2023 में 5,75,70,896 लोगों ने भ्रमण किया। इसमें 5,75,62,428 घरेलू और 8,468 विदेशी पर्यटक थे।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि भगवान शिव की नगरी के रूप में विश्व विख्यात काशी में वर्ष 2022 में कुल 7,12,31,051 पर्यटक पहुंचे थे। इसमें 7,11,47,310 घरेलू और 83,741 विदेश से आने वाले सैलानी थे। यहां वर्ष 2023 में कुल 8,54,73,633 पर्यटक पहुंचे, जिसमें 8,52,71,729 घरेलू और 2,01,904 विदेश से आने वाले पर्यटक थे।

खास बात यह है कि घरेलू पर्यटकों के साथ-साथ विदेश से आने में पर्यटकों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। काशी में वर्ष 2022 की तुलना में 2023 में 1.18 लाख से ज्यादा विदेशी पर्यटक बढ़े हैं। इसी तरह अयोध्या में वर्ष 2022 में 1,465 जबकि 2023 में 8,468 विदेशी पर्यटक आए थे। इस हिसाब से सात हजार पर्यटक बढ़ गए।

जयवीर सिंह ने बताया कि 22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राणप्रतिष्ठा के बाद यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों का रेला उमड़ रहा है। प्रतिदिन लाखों लोग दर्शन-पूजन और भ्रमण के लिए पहुंच रहे हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में बहुत तेजी से विकास कर रहा है। पर्यटन स्थलों के साथ-साथ पर्यटक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/सियाराम

   

सम्बंधित खबर