हम सभी के अन्दर है शक्ति, मन पर नियंत्रण करना सीखें : डॉ मोहित गुप्ता

हम सभी के अन्दर है शक्ति , मन पर नियंत्रण करना सीखे: डॉ मोहित गुप्ता

कानपुर,17 मई (हि.स.)। आप अपने मन पर नियंत्रण करना सीख जाए तो असम्भव को सम्भव बनाया जा सकता है। हम सभी के अंदर शक्ति है। हमें खुशी के पीछे नहीं भागना है, बल्कि हर काम खुशी से करना है। हमारे जीवन से सुकून खत्म होता जा रहा है। इसलिए हर पल को खुशी से जीना है।

यह बातें शुक्रवार को चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर में तनाव मुक्त जीवन आत्म सशक्तिकरण का रहस्य विषय पर आयोजित एक दिवसीय व्याख्यान में जीबी पंत हॉस्पिटल के निदेशक डॉ.मोहित गुप्ता ने कही। उन्होंने कहा कि यदि जीवन में कोई गलती हो जाए तो गलतियों को स्वीकार कर हमें आगे बढ़ना चाहिए। हमें अपने जीवन के हर पल मे खुशी एवं शांति का सर्जन करना होगा। व्यक्ति जब अपना जीवन पूरा कर लेता है तो वह खाली हाथ जाता है। लेकिन उसके मूल्य एवं संस्कार हमेशा बने रहते हैं। इसलिए हमें अपने संस्कार और मूल्य पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

इस मौके पर सीएसए के कुलपति डॉ आनंद कुमार सिंह ने कहा कि सदा जीवन एवं उच्च विचार की मूल अवधारणा को अपने जीवन में अंगीकृत करना चाहिए। उचित संकल्प जीवन की दिशा एवं दशा बदल सकता है तथा सफलता को प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन सह अधिष्ठाता डॉ राजीव ने किया। कार्यक्रम में ब्रह्म कुमारी उमा दीदी, ब्रह्म कुमार प्रकाश, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ मुनीश कुमार, कुलसचिव डॉ पी के उपाध्याय ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, निदेशक, प्राध्यापक, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों सहित 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

हिन्दुस्थान समाचार/राम बहादुर/विद्याकांत

   

सम्बंधित खबर