जगदलपुर : वेयर हाउसिंग कर्मचारी संघ ने 15 फरवरी से अनिश्चितकालीन आंदोलन का दिया अल्टीमेटम

जगदलपुर, 6 फरवरी (हि.स.)। वेयर हाउस में काम करने वाले दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की जगह आने वाले दिनों में प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए काम कराने की योजना प्रदेश सरकार के द्वारा बनाई जा रही है। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के वेयर हाउस में काम करने वाले करने वाले 2100 कर्मचारी बेरोजगार हो जाएंगे। सरकार यदि अपना यह निर्णय वापस नहीं लेती है तो 15 फरवरी से अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। यह निर्णय वेयर हाउस में छ.ग. स्टेट वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन कर्मचारी संघ के संभागीय बैठक में लिया गया।

संघ के अध्यक्ष बलीराम पुजारी ने बताया कि, मुख्यालय रायपुर से 2 फरवरी को आदेश जारी किया गया है, जिसमें उच्च-कुशल के रूप में लेखापाल,अकुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराए जाने के लिए निविदा जारी की गई है। आज की बैठक में इस निविदा पत्र पर चर्चा की गई। पुजारी ने कहा कि वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन में लगभग 2100 कर्मचारी विगत कई वर्षों से काम कर रहे हैं। इन दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को हटाकर प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से कर्मचारियों को रखने की बात सामने आ रही है। मुख्यालय द्वारा इस निविदा पर रोक नही लगाने की स्थिति में छ.ग. स्टेट वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन कर्मचारी संघ के द्वारा 15 फरवरी से अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। इस बैठक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष राजीव ओझा, संभागीय अध्यक्ष, बस्तर जिलाध्यक्ष, दंतेवाड़ा जिलाध्यक्ष, सुकमा जिलाध्यक्ष, नारायणपुर जिलाध्यक्ष, कोंडागांव जिलाध्यक्ष एवं जिले के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर