राहुल गांधी की न्याय यात्रा 10 मार्च को धौलपुर पहुंचेगी : बोहरा

धौलपुर, 6 फ़रवरी (हि.स.)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोडो न्याय यात्रा एवं लोकसभा चुनाव 2024 के संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं राजाखेडा विधायक रोहित बौहरा ने राहुल गांधी की भारत जोडो न्याय यात्रा की तैयारियों की समीक्षा कर पार्टी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बैठक में बोहरा ने कहा कि आगामी 10 मार्च को राहुल गांधी की न्याय यात्रा धौलपुर जिले से निकलेगी। इस यात्रा को सभी कांग्रेस जनों को मिलकर सफल बनाना है। इसलिए सभी कार्यकर्ता,पदाधिकारी एवं जन प्रतिनिधि पूरी उर्जा एवं समर्पण से जुटें। लोकसभा चुनाव के लिए गठित प्रदेश स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य बोहरा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार पूंजीपतियों की सरकार है। हम सबको एकजुट होकर आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को भारी बहुमत के साथ जिताना है। बैठक में करौली-धौलपुर लोकसभा क्षेत्र के पार्टी पर्यवेक्षक एवं सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष हेम सिंह शेखावत एवं सूरतगढ़ के विधायक डूंगर राम गेदर ने कांग्रेस टिकट के लिए संभावित प्रत्याशियों के आवेदन लिए। बसेडी विधायक संजय कुमार जाटव ने कहा कि कुछ बोटों के अंतर से कांग्रेस करौली-धौलपुर सीट को हार रही है। इस बार धौलपुर जिले में विधानसभा चुनाव की तरह ही प्रदर्शन कर लोकसभा प्रत्याशी को जिताएं। बैठक में धौलपुर विधायक शोभा रानी कुशवाहा ने राहुल गांधी की यात्रा को सफल बनाने का आग्रह किया। अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष साकेत बिहारी शर्मा ने कहा कि धौलपुर जिले में कांग्रेस ने चार में से तीन सीट जीतीं हैं,जबकि एक पर बसपा जीती है। कांग्रेस के इस प्रदर्शन ने धौलपुर जिला भाजपा मुक्त कर दिया है।

बैठक में कुल 27 लोगों ने करौली-धौलपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस की टिकट के लिए आवेदन किया है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस सचिव धर्मेन्द्र शर्मा एवं अमित मुदगल, राजाखेड़ा नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह जादौन, सेवा दल की जिला अध्यक्ष समृद्धि दीक्षित एवं महिला कांग्रेस अध्यक्ष भावना सिंघल सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता तथा पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ प्रदीप/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर