राहुल गांधी को करना होगा अपने व्यवहार में बदलाव : शान्ता कुमार

शिमला, 02 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री शान्ता कुमार ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को संसद में नेता प्रतिपक्ष की नई जिम्मेदारी के मददेनजर उन्हें अपने व्यवहार में बदलाव करने की नसीहत दी है। शांता कुमार ने मंगलवार को कहा कि इस बार के लोक सभा चुनाव में भाजपा की जीत ही नहीं हुई बल्कि एक ऐतिहासिक और शानदार जीत हुई। लगातार तीसरी बार किसी भी पार्टी और प्रधानमंत्री को सत्ता में आना बहुत कठिन होता है। भारत के 75 वर्ष के इतिहास में केवल जवाहर लाल नेहरू ही तीसरी बार प्रधानमंत्री बने थे। मैं यह बात विशेष रूप से कहना चाहता हूं कि तीसरी बार उनकी सीटें भी कम हुई थी। इस नजर से भाजपा और नरेन्द्र मोदी जी ने इस चुनाव में एक नया इतिहास बनाया है।

उन्होंने कहा कि यह भी देश का सौभाग्य है कि 10 वर्ष के बाद भारत को विपक्ष के नेता के रूप में राहुल गांधी मिले। विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत में 10 वर्ष तक विपक्ष का कोई नेता ही नही था। मैं इसलिए भी राहुल गांधी को बधाई देता हूं।

शान्ता कुमार ने कहा कि अब बदली परिस्थितियों में नरेन्द्र मोदी और राहुल गांधी को बदलना पडे़गा। 2014 और 2019 में भाजपा में और देश में बडें बहुमत के साथ केवल नरेन्द्र मोदी ही थे। इसलिए कभी-कभी कुछ ऐसा भी हुआ जो नहीं होना चाहिए था। बदली परिस्थितियों में नरेन्द्र मोदी को बदलना पड़ेगा। मुझे विश्वास है कि वे समय की इस जरूरत को पूरा करेगें।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को याद रखना चाहिये कि वे पप्पु से भारत के सबसे बड़े लोकतंत्र के विपक्ष के नेता बने हैं। यह पद प्रधानमंत्री के बाद दूसरा बड़ा पद होता है। उन्होंने लगातार सघंर्ष किया और इस महत्वपूर्ण पद पर पहुंचे। उन्हें भी इस पद की गरिमा के अनुसार अपने व्यवहार में बहुत अधिक बदलाव करना पड़ेगा। भारत के लोकतंत्र की यह विशेषता है कि इस बार देश की जरूरत के अनुसार मतदाताओं ने आवश्यक परिवर्तन किया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुनील/उज्जवल

   

सम्बंधित खबर