सद्वीक चौक पर दिनदहाड़े महिला की गोली मारकर हत्या

पलामू, 7 फ़रवरी (हि.स.)। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के सद्वीक चौक से सटे इलाके में बुधवार की दिनदहाड़े एक अधेड़ महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना सद्वीक चौक से शाहपुर जाने वाली सड़क पर स्थित मुकेश भोजनालय में हुई। महिला की पहचान नमिता देवी (55) के रूप में हुई है। नमिता इसी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर-भट्ठी मुहल्ला की निवासी थी।

बता दें कि करीब तीन दशक पहले नमिता के पूर्व पति श्यामबिहारी चन्द्रवंशी की भी नावाहाता इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इधर कुछ वर्ष पूर्व मुख्य बाजार एरिया में नमिता के पुत्र छोटू पासवान की भी गोली मारकर मौत की नींद सुला दी गयी थी।

जानकारी के अनुसार बुधवार की दोपहर करीब दो बजे नमिता देवी हर दिन की तरह सद्वीक चौक से दो सौ मीटर दूर शाहपुर जाने वाली सड़क पर स्थित मुकेश भोजनालय मंे बैठी हुई थी। नमिता के साथ उसके पुत्र विक्की पासवान भी बैठा हुआ था। बातचीत दोनों में हो रही थी। इसी क्रम में भगवा गमछा ओढे दो युवक वहां पहुंचे और दुकान में घुसकर नजदीक से सटाकर नमिता देवी की कनपटी में गोली मार दी।

लहुलुहान स्थिति में नमिता को इलाज के लिए एमआरएमसीएच में भर्ती किया गया। यहां उसे डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हालांकि इसके बाद भी परिजन उसे इलाज के लिए नारायण मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में ले गए। यहां भी उसे मृत पाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए पुनः एमआरएमसीएच ले जाया गया।

डीएसपी मणिभूषण ने जानकारी दी कि अपराधियों की संख्या दो थी। सीसीटीवी फुटेज में दोनों दिखे हैं। दुकान तक पैदल थे। गोली मारने के बाद भाग निकले। घटना का कारण स्पष्ट किया जा रहा है। जल्द खुलासा किया जायेगा।

इधर, जानकारी मिली है कि घटना को आपसी रंजीश में अंजाम दिया गया है। नमिता के पुत्र विक्की पासवान ने पुलिस को कई अहम जानकारी दी है। बताया है कि सद्दाम कुरैशी ने धमकी दी थी। कोई पुराना विवाद से जुड़ा हुआ मामला है। जमीन के कारोबार से भी इस घटना को जोड़कर देखा जा रहा है।

नमिता देवी शहर की चर्चित महिला थी। समाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रियता रहती थी। रामनवमी के दौरान ज्यादा सक्रिय रहती थी। नमिता के पूर्व पति श्यामबिहारी चन्द्रवंशी भी चर्चित व्यक्ति थे। हालांकि हत्या मामले में उन पर मामला दर्ज था। 32 वर्ष पहले उनकी हत्या हुई थी। जबकि नमिता के पुत्र छोटू पासवान की मुख्य बाजार के घड़ा पट्टी चौक पर गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर