(संशोधित) : विपक्ष लाख कोशिश कर ले, 2024 में केंद्र में भाजपा की ही सरकार बनेगी: कड़िया मुंडा

खूंटी, 7 फ़रवरी (हि.स.)। भाजपा के दिग्गज नेता और खूंटी से आठ बार सांसद रहे पद्मभूषण कड़िया मुंडा ने कहा कि विपक्ष लाख कोशिश कर ले लेकिन 2024 में केंद्र में भाजपा की ही सरकार बनेगी। पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लहर चल रही है। उन्हें हरा पाना फिलहाल संभव नहीं है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की झारखंड में हुई भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर मुंडा ने कहा कि राहुल गांधी के झारखंड दौर से कांग्रेस को कोई फायदा होनेवाला नहीं है।

मुंडा ने अनिगड़ा स्थित आवास पर हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में कहा कि सिर्फ बड़े नेताओं के आने से चुनाव नहीं जीता जा सकता। हां, इतना जरूर है कि बड़े नेताओं के आने से कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होता है और काम करने के लिए उन्हें संजीवनी मिलती है। कांग्रेस अपने संगठन और काम के बल पर आज तक चुनाव नहीं जीती है। उन्होंने कहा कि खूंटी में भाजपा का किला काफी मजबूत है।

उन्होंने कहा कि खूंटी के आदिवासी अपने नेताओं से नाराज तो होते हैं, लेकिन जल्द ही भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी के नेता के आने-जाने से वोट मिलता है, यह गलत है। कड़िया मुंडा ने कहा कि राहुल बेचारा क्या करेगा, पूरी मिशनरी परेशान है। डिलिस्टिंग को लेकर रांची में भी रैली हुई लेकिन सफल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि डिलिस्टिंग के मुद्दे को जिस तरह से मीडिया हवा बन रहा है, वह गलत है। मिशनरियों को डर सताने लगा है कि अब वे क्या करेंगे और कहां जाएंगे। इसलिए राहुल की शरण में जा रहे हैं। कांग्रेस के लिए सॉफ्ट कॉर्नर बने मिशनरी के पास करने के लिए कुछ नहीं बचा है।

कड़िया मुंडा ने कहा कि अगर कांग्रेस डिलिस्टिंग के मामले पर कुछ बोलती है, तो उसका सीधा फायदा भाजपा को मिलेगा। कांग्रेस जितना इसका विरोध करेगी, उतना ही लाभ भाजपा को होगा और यदि वह इस मुद्दे पर चुप रहती है, तो शायद कांग्रेस को कुछ फायदा हो जाए। कड़िया मुंडा का दावा है कि धर्मांतरण करने वाले आज कहने लगे हैं कि हुए वे हम लोगों का ही हिस्सा का फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों का धर्मांतरण किया गया है।

फिलहाल भाजपा ने तो डिलिस्टिंग करने की बात कही है और अभी से ही विशेष समुदाय के लोगों को तकलीफ होने लगी है। उन्होंने कहा कि मिशनरी समुदाय जितना मामले का विरोध करेगा, उतनी परेशानी और फजियत उनकी होगी। हेमंत सोरेन पर टिप्पणी करते हुए कड़िया मुंडा ने कहा कि हेमंत दावा करते हैं कि उनके पिता शिबू सोरेन ने अलग राज्य की लड़ाई लड़ी और झारखंड मिला। कड़िया ने कहा कि उनके पिता ने झारखंड की लड़ाइ तो कभी लड़ी, नहीं झारखंड आंदोलन के बेचा जरूर है। उसके बाद भी कहते हैं कि उनके पिता झारखंड के लिए लड़ाई लड़ी। उन्होंने कह कि इनका चरित्र ही है कि वे दूसरे की कमाई को अपनी कमाई बताते हैं। उन्होंने कहा कि भारत लोकतांत्रिक देश है, यहां बोलने का सबको अधिकार है, इसलिए बोलने दीजिए।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर