उप्र में पछुआ हवाएं बढ़ा रही गलन, बारिश की संभावना

कानपुर, 09 फरवरी (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ कमजोर होने से कानपुर सहित उत्तर प्रदेश में धूप खिल रही है लेकिन पछुआ हवाओं के चलने से गलन बनी हुई है। खासकर सुबह शाम की गलन से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग का कहना है कि जेट स्ट्रीम हवाओं की रफ्तार तेज होने से सर्दी महसूस की जा रही है और आगामी तीन दिनों तक स्थानीय स्तर पर उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि देश भर में कोई महत्वपूर्ण मौसम प्रणाली नहीं है। पश्चिमी हवाओं में ट्रफ लगभग 91° पूर्व देशांतर के साथ 25° उत्तर अक्षांश के उत्तर में समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैली हुई है। इसके साथ ही जेट स्ट्रीम यानी रात्रिचर हवाएं तेजी से चल रही हैं। यह हवाएं गंगा के मैदानी इलाकों को रात्रि में इतना सर्द कर देती हैं कि दिन में धूप निकलने के बावजूद लोगों को गलन का अहसास हो रहा है। हालांकि आज की रात्रि में इनकी रफ्तार कुछ कमी की संभावना है फिर 24 घंटे बाद आगामी तीन दिनों के लिए उसी तरह तेजी से चलेंगी। ऐसे में अभी चार से पांच दिन सर्दी में कमी होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। इसके साथ ही 10 से 12 फरवरी के बीच उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश की भी संभावना है। वहीं कानपुर मण्डल की बात की जाये तो 14 फरवरी को गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 23.2 और न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 84 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 40 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 9.6 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों में हल्के बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस बीच धूप भी चमकदार निकलेगी हवाओं की गति धीमी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दीपक/पदुम नारायण

   

सम्बंधित खबर