श्रमिकों एवं कामगारों को सरकार की योजनाओं की भाजपा कार्यकर्ता दें जानकारी : दिलीप पटेल

वाराणसी,10 फरवरी (हि.स.)। भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कार्यकर्ताओं से श्रमिकों एवं कामगारों से उनके घर जाकर मिलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीब, असहाय लोगों के उत्थान में निरन्तर लगी हुई है।

सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरुरतमंद लोगों को नि:शुल्क आवास, शौचालय राशन, गैस कनेक्शन, विद्युत कनेक्शन, आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख की स्वास्थ्य सुरक्षा दी जा रही है। ऐसे में श्रमिकों एवं कामगारों को भी योजनाओं का लाभ दिलाएं। क्षेत्रीय अध्यक्ष शनिवार को पार्टी के श्रम प्रकोष्ठ काशी क्षेत्र की कार्यशाला को सम्बोधित कर रहे थे।

रोहनिया स्थित पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि श्रम प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता घर घर जाकर श्रमिकों एवं कामगारों से मिले और सरकार द्वारा श्रमिकों के हित में किए गये कार्यों को बताएं और पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाएं।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को नमो एप से जोड़े। श्रम प्रकोष्ठ को जिला स्तर पर सम्मेलन आयोजित करने है। जिसकी योजना आज ही से शुरू की जाय। साथ ही जिला स्तर पर आयोजित होने वाले सम्मेलनों की तिथियां भी तय की जाय।

कार्यशाला में श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक भूपेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार श्रमिकों के हित में कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ श्रमिकों को मिल रहा है। जो श्रमिक पंजीकृत हैं और जिनका श्रम कार्ड बन चुका है। उन्हें आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने का कार्य भाजपा सरकार कर रही है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रम प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक अनिल पांडेय ने की। काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी के अनुसार तीन घण्टे से चली कार्यशाला में श्रम प्रकोष्ठ के सह संयोजक जोरावर सिंह, राजीव शरण, अखिलेश कुशवाहा, विपिन विश्वकर्मा आदि पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/राजेश

   

सम्बंधित खबर