भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सुषमा स्वराज को जयंती पर किया नमन, शिवराज ने भावुक संदेश लिखकर किया याद

भोपाल, 14 फ़रवरी (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की दिवंगत नेत्री सुषमा स्वराज की आज जयंती है। इस अवसर पर भाजपा नेता उन्हें याद करते हुए विनम्र श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं। मप्र के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव समेत भाजपा नेताओं ने दिवंगत नेत्री को स्मरण करते हुए नमन किया है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से सुषमा स्वराज को जयंती पर नमन करते हुए लिखा है- नारी शक्ति की पर्याय, सौम्यता एवं सादगी की प्रतिमूर्ति, पूर्व विदेश मंत्री आदरणीय दीदी सुषमा स्वराज जी की जयंती पर उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूं। अपने ओजस्वी विचारों एवं देश सेवा के कार्यों से आपने भारतीय राजनीति में एक अमिट छाप छोड़ी है। राष्ट्र उत्थान एवं जनकल्याण के लिए समर्पित आपका संपूर्ण जीवन समस्त भारतीयों को राष्ट्र सेवा हेतु सदैव प्रेरित करता रहेगा।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुषमा स्वराज को याद करते हुए भावुक संदेश लिखा है। उन्होंने कहा- मां सरस्वती की वरद पुत्री, श्रद्धेय बहन श्रीमती सुषमा स्वराज जी की जयंती पर कोटिश: नमन। दीदी के साथ बीते अनमोल क्षण और उनकी स्मृतियां मेरे जीवन की अमूल्य निधि हैं। बहन के प्यार और ममत्व के भाव से परिपूर्ण दीदी का संवेदनशील व्यक्तित्व सदैव हमारी स्मृतियों में रहेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अपने संदेश में लिखा- सादगी एवं सरलता की प्रतिमूर्ति, ओजस्वी वक्ता, पूर्व विदेश मंत्री, पद्म विभूषण से सम्मानित सुषमा स्वराज जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। श्रद्धेय सुषमा जी जनसेवा व राष्ट्रोत्थान के लिए आजीवन समर्पित रही। संगठन के विस्तार और देशसेवा के उनके विचार हम सभी के लिए प्रेरणा हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा

   

सम्बंधित खबर