ससुर की अंत्येष्टि में जा रहे बाइक सवार की सड़क हादसे में मौत

इटावा,16 फरवरी(हि.स.)। थाना बसरेहर क्षेत्र के अंर्तगत ससुर की अंत्येष्टि में शामिल होने जा रहे बाइक सवार अधेड़ की अज्ञात वाहन की चपेट में आने शुक्रवार को मौत गई। पुलिस ने मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से शिनाख्त कर परिजनों को हादसे की सूचना दी।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सतपाल सिंह ने बताया कि थाना बसरेहर क्षेत्र के अंतर्गत बंसगवा नहर पुल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हुई है। पुलिस ने मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से शिवपाल सिंह यादव (55) पुत्र हृदयराम यादव निवासी नगला मठिया थाना सैफई जनपद इटावा के रूप में शिनाख्त हुई है।

जानकारी के अनुसार वह बाइक पर सवार होकर भरथना क्षेत्र के गांव लखनपुर अपनी ससुराल में अपने ससुर साधौ सिंह की अंत्येष्टि में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हादसे का शिकार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर परिजनों को हादसे की जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/राजेश

   

सम्बंधित खबर