उप्र में तेज धूप से सामान्य से अधिक हुआ तापमान, रविवार को बारिश की संभावना

कानपुर, 16 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मौसम में बराबर बदलाव हो रहा है जहां एक ओर गुरुवार को भीषण कोहरा रहा तो वहीं शुक्रवार को तेज धूप खिल गई। इससे तापमान सामान्य से अधिक पहुंच गया और दिन में लोग गर्मी महसूस करने लगे। हालांकि सुबह शाम की सर्दी बनी रही। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश की संभावना है और अब दिन में सर्दी नाममात्र की ही रहेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बताया कि छत्तीसगढ़ के मध्य भागों और आसपास के निचले स्तरों पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक से लेकर उत्तरी तेलंगाना और दक्षिणी विदर्भ से होते हुए एक निम्न दबाव की रेखा छत्तीसगढ़ के मध्य भागों पर चक्रवाती परिसंचरण तक फैली हुई है। उत्तरी बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों पर चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 1.5 तक फैला हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ 17 फरवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इससे उत्तर प्रदेश में स्थानीय स्तर पर 18 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना है। आज तेज धूप निकलने से मौसम में बदलाव हुआ है लेकिन दो दिन बाद से तापमान सामान्य रहेंगे। पश्चिमी विक्षोभ के कारण आगामी दिनों में तापमान में गिरावट हो सकती है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 27.0 और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 95 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 48 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 1.6 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों में आसमान साफ रहने के कारण वर्षा की कोई संभावना नहीं है। प्रातः एवं रात के समय वातावरण में हल्की धुंध बने रहने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर