उज्जैन: मावा फैक्ट्री के बॉयलर में विस्फोट, चार लोग गंभीर घायल

भोपाल, 20 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में मंगलवार को सुबह मावा बनाने वाली फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। इसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह विस्फोट मावा फैक्ट्री के बायलर में हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए रतलाम के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, हादसा खाचरोद के गोठडामाता गांव में मंगलवार सुबह करीब 7 बजे हुआ। बायलर में धमाका इतना जोरदार था कि इसकी चपेट में आए चार मजदूर दूर जाकर गिरे। धमाके के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चार मजदूर श्यामदास बैरागी, ईश्वर मालवीय, बंटू सिंह कंथारखेड़ी और आशीष प्रजापत गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चारों को रतलाम के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विस्फोट किस कारण हुआ, इसकी अभी जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर