वसंतोत्सव में नैनीताल की प्रयोगांक संस्था और टीम पर पुरस्कारों की झड़ी

नैनीताल, 20 फ़रवरी (हि.स.)। प्रगतिशील सांस्कृतिक पर्वतीय समिति पैंठ पड़ाव रामनगर द्वारा आयोजित वसन्त महोत्सव-2024 में नैनीताल के मदन मेहरा द्वारा लिखित एवं उनकी संस्था प्रयोगांक नैनीताल द्वारा मदन मेहरा व उमेश कांडपाल द्वारा संयुक्त रूप से निर्देशित नाटक ‘भगतु माया’ को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।

इसके साथ ही प्रयोगांक की योगिता तिवारी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, नवीन बेगाना को सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक, मदन मेहरा व उमेश कांडपाल को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के पुरस्कार भी मुख्य अतिथि विधायक दीवान बिष्ट के हाथों प्राप्त हुए। इसके अलावा लोक नृत्य नाटिका ‘अभिमन्यु वध’ के लिए प्रयोगांक नैनीताल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

दादा-दादी व नाना-नानी से सुनी दंत कथा पर आधारित एवं प्रयोगात्मक एवं जागर शैली को समायोजित करते हुए प्रदर्शित इस नाटक में दर्शाया गया कि सामंतवादी शक्ति का सामना खेतिहरों के द्वारा एकता और समझधारी का परिचय देकर किया जा सकता हैं। नाटक में भास्कर बिष्ट, योगिता तिवारी, राहुल पडियार, नीरज डालाकोटी, उमेश कांडपाल, मदन मेहरा, पवन कुमार, काव्यांश, पंकज, अर्जुन, चित्रा, अनुष्का, आरती, निकिता, अनवर रजा, मुकेश धस्माना, अफरोज अंसारी व जावेद हुसैन विभिन्न भूमिकाओं में रहे।

गीत हेमंत बिष्ट द्वारा लिखे गये जबकि नाटक का संगीत निर्देशन नवीन बेगाना ने किया और उन्हें इस कार्य में भुवन कुमार, उमा, संजय कुमार, धीरज कुमार, कैलाश कपिल, रवि नेगी, रोहित कुमार ने सहयोग दिया। साथ ही मंचन में मिथिलेश पांडे, मनोज चन्याल, किशन लाल, नासिर अली, रोहित वर्मा, कौशल साह जगाती, मनोज साह, विमल चौधरी, मोहित साह, अमन महाजन ने भी सहयोग दिया।

नैनीताल नगर के रंगकर्मी जहूर आलम, एचएस राणा, डीके शर्मा, राजेश आर्य, मंजूर हुसैन, अनिल घिल्डियाल, अजय कुमार, हसन रजा, डॉ. मोहित सनवाल, खुर्शीद हुसैन व आकाश नेगी आदि ने प्रयोगांक नैनीताल को इस सफलता पर बधाई दी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ.नवीन जोशी/रामानुज

   

सम्बंधित खबर