छिंदवाड़ा: मुख्यमंत्री के समक्ष भाजपा में शामिल हुए कई कांग्रेसी

छिंदवाड़ा, 21 फ़रवरी (हि.स.)। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को छिंदवाड़ा में बड़ा झटका लगा है। छिंदवाड़ा में सीएम डॉ. मोहन यादव के मंच पर कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल हो गए। सीएम ने इन्हें भाजपा का दुपट्टा पहनाकर भाजपा में प्रवेश कराया।

छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम के दौरान कई कांग्रेसियों ने भाजपा सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस के इन नेताओं में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अज्जू ठाकुर, पाढुर्णा नगर पालिका अध्यक्ष संदीप घाटोडे समेत 10 कांग्रेस पदाधिकारी, 22 कार्यकर्ता और 16 सरपंचों ने भाजपा का दामन थाम लिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भाजपा का दुपट्टा पहनाकर सभी को पार्टी में शामिल किया। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छिंदवाड़ा जो प्रेम लुटा रहा है, जो हवा बह कर आ रही है। वह अपने आप में संकेत दे रही है। मैं आपको एडवांस में बधाई देता हूं। इस बार हनुमान जी की गदा घूमेगी और विजय भी हासिल करेगी भाजपा के पक्ष में। इसे कोई ताकत नहीं रोक सकती।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई लोगों के मन डांवाडोल हो रहे हैं। वो लोग आज नहीं तो कल हमारे परिवार में शामिल होंगे। कोई आज आएगा, कोई कल आएगा। आने वाले का स्वागत है, क्योंकि हमें भारत की सेवा करना है।

हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे/मुकेश

   

सम्बंधित खबर