श्री अन्न और जैविक खेती समय की आवश्यकताः मंत्री राकेश सिंह

- जिला स्तरीय कृषि विज्ञान एवं श्री अन्न मेला प्रारंभ

जबलपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने श्री अन्न एवं जैविक खेती को वर्तमान समय की जरूरत बताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भावना के अनुरूप श्रीअन्न के उत्पादन के लिये ज्यादा से ज्यादा किसानों को प्रोत्साहित करने पर बल दिया, वहीं श्रीअन्न के पोष्टिक गुणों को देखते हुये लोगों से भी इनसे बने खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने का अनुरोध किया।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह बुधवार को राज्य मिलेट मिशन के तहत किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग एवं आत्मा परियोजना द्वारा श्री अन्न के उत्पादन, प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन पर आयोजित दो दिवसीय प्रदर्शनी सह मेला के उद्घाटन सत्र को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने संबोधन में किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग तथा जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों से श्रीअन्न के उत्पादन एवं प्रसंस्करण के लिये किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं आदान सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने किसानों से भी श्री अन्न एवं जैविक खेती को अपनाने का अनुरोध किया।

जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित प्रदर्शनी एवं मेला के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पी के मिश्रा ने की। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के विभिन्न केंद्रों में उपलब्ध श्री अन्न के बीज एवं वरिष्ठ वैज्ञानिकों की सलाहों से कृषि उत्पादन उच्चतम ले जाने की बात किसानों से कहीं।

जिला पंचायत कृषि समिति के सभापति मनोहर सिंह ठाकुर ने किसानों को श्री अन्न के प्रति जागरूक एवं तकनीकी सलाहों से समृद्ध होने की बात कही। इस अवसर पर जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्विद्यालय के कुल सचिव आर एस सिसोदिया, अधिष्ठाता आशुतोष श्रीवास्तव एवं संचालक विस्तार सेवा डी पी शर्मा भी उपस्थित थे।

संयुक्त संचालक कृषि केएस नेताम ने राज्य मिलेट मिशन के बारे में जानकारी देते हुये बताया की महाकौशल क्षेत्र कोदो-कुटकी, ज्वार, बाजरा रागी जैसे मोटे अनाज के उत्पादन के लिए अनुकूल स्थान है।

आत्मा परियोजना संचालक डॉ एस के निगम एवं कृषि उप संचालक रवि आम्रवंशी ने विभागीय योजना की जानकारी कृषकों को दी। प्रगतिशील कृषक विनय सिंह ठाकुर ने स्वनिर्मित जैविक आदान सामग्री, रघुवीर सिंह ने जैविक गुड़, माँ रेवा कुंडम फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइज़ेशन पाटन द्वारा नवाचार फसल चिया का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी एवं मेले में जिले के लगभग 600 कृषकों ने भागीदारी की। अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन डॉ इंदिरा त्रिपाठी, सहायक संचालक कृषि अमित पांडे, कीर्ति वर्मा, नमिता उड़कुड़े, मनीषा पटेल एवं प्रतिभा गौर अपने विभागीय स्टाफ के साथ उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीमती रश्मि परसाई एवं रजनीश दुबे ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर