फतेहाबाद में किसानों ने ढाणी गोपाल में सिरसा-चण्डीगढ़ रोड किया जाम

निहत्थे किसानों पर दुश्मन सेना जैसा आक्रमण कर रही है भाजपा सरकार : संदीप काजला

फतेहाबाद, 22 फरवरी (हि.स.)। पंजाब से दिल्ली कूच कर रहे किसानों को हरियाणा बार्डर पर जबरदस्ती रोकने और किसानों पर की जा रही कार्यवाही के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के आह्वान पर गुरुवार को सेंकड़ों किसान सडक़ों पर उतरे। किसानों ने फतेहाबाद में लाल बत्ती चौक पर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला फूंका, वहीं भूना के गांव ढाणी गोपाल में सिरसा-चण्डीगढ़ रोड पर जाम लगाकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के जिला प्रधान संदीप काजला ने किया।

भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के आह्वान पर सेंकड़ों कार्यकर्ता लाल बत्ती चौक पर इकट्ठा हुए और सरकार की किसानों पर की जा रही कार्यवाही का विरोध किया। प्रदर्शन करते हुए किसान लाल बत्ती चौक के बीच पहुंचे और सीएम का पुतला फूंका। किसान नेताओं ने शंभू बार्डर पर पुलिस द्वारा किसानों पर की गई कार्रवाई का भी जमकर विरोध किया और रोष जताया। जिला प्रधान संदीप काजला ने कहा कि पंजाब के किसान एमएसपी कानून लागू करने, किसानों को कर्जमुक्त करने, किसानों पर दर्ज किए गए केस वापस लेने सहित अनेक जायज मांगों को लेकर दिल्ली कूच कर रहे हैं। किसान दिल्ली में बैठी गूंगी-बहरी सरकार को जगाने के लिए दिल्ली जा रहे हैं। किसानों का प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण है लेकिन भाजपा सरकार को किसानों के हितों की कोई परवाह नहीं है। पंजाब के किसानों को हरियाणा सरकार ने जबरदस्ती बार्डरों पर रोक रखा है। इन निहत्थे किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं, गोलियां चलाई जा रही है। भाजपा सरकार इन किसानों के साथ ऐसा व्यवहार कर रही है, जिस प्रकार दुश्मन सेना पर आक्रमण किया जाता है। भाजपा सरकार के ऐसे हमले में कई किसानों की मौत तक हो चुकी है वहीं काफी संख्या में किसान गंभीर रूप से चोटिल हो चुके हैं।

संदीप काजला ने कहा कि हरियाणा का किसान पूरी तरह पंजाब के किसानों के साथ खड़ा है और सरकार की ऐसी किसी भी कार्यवाही का डटकर विरोध किया जाएगा। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों की जो मांगे हैं उन्हें शीघ्र ही पूरा किया जाए अन्यथा किसान संगठन संयुक्त बैठक कर बड़ा निर्णय लेंगे। इस अवसर पर महिला जिला प्रधान सुदेश गोरखपुर, मांगेराम हसंगा, राजेन्द्र नेहरा, दीप चाणचक, जगतार हड़ौली, नसीब कौर, मनप्रीत सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/अर्जुन/संजीव

   

सम्बंधित खबर