चंडिका देवी ने किये भगवान तुंगनाथ के दर्शन

रुद्रप्रयाग, 22 फरवरी (हि.स.)। तल्लानागुर क्षेत्र के अन्तर्गत सिद्धपीठ नारी देवी की देवरा यात्रा घर-घर जाकर भक्तों की कुशलक्षेम पूछ रही हैं। गुरुवार को तुंगनाथ घाटी के मक्कूमठ में मां नारी चंडिका ने तृतीय केदार के दर्शन किए। साथ स्थानीय भक्तों को अपना आशीर्वाद भी दिया। इस दौरान भक्तों ने फूल एवं अक्षतों से मां का जोरदार स्वागत किया। 22 फरवरी को देवरा यात्रा पठालीधार में रात्रि विश्राम करेगी।

गत 17 नवम्बर से 30 वर्षों बाद मां नारी देवी की पूजा अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ देवरा यात्रा विधिवत शुरू हुई थी। तुंगनाथ घाटी के पैंलिंग, परकंडी, स्यूंर, त्यूंग, चैंडा, उथिंड होते हुए मां की देवरा यात्रा रात्रि प्रवास के लिए तृतीय केदार गददीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर मक्कूमठ पहुंची थी।

आज पुजारी ने मां नारी देवी की विशेष पूजा अर्चना कर तमाम पूजाएं संपन्न की। इसके बाद ही स्थानीय लोगों ने मां के दर्शन कर मनौतियां मांगी। पहले नारी देवी ने तृतीय केदार के दर्शन किए। इस दौरान वाद्य यंत्रों एवं मां के जयकारों से क्षेत्र का पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मक्कूमठ में घर घर भ्रमण करने के बाद मां की देवरा यात्रा पठालीधार के लिए रवाना हुईं। लगभग सात माह तक चलने वाले इस भ्रमण कार्यक्रम में मां नारी चारों दिशाओं के भ्रमण के बाद जून माह में अपने मूल मंदिर में लौटेगी, जहां पर क्षेत्र खुशाहाली एवं समृद्धि के लिए विशाल महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।

मंदिर समिति के अध्यक्ष दिक्षराज सिंह रावत ने बताया कि लगभग 30 वर्षों मां की देवरा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए क्षेत्रीय ग्रामीण अपना पूर्ण सहयोग दे रहे है। देवरा में यात्रा में लगभग चालीस से पचास भक्तजन नंगे पांव चल रहे हैं।

इस अवसर मंदिर समिति के अध्यक्ष दिक्षराज रावत, यशवन्त सिंह रावत, विक्रम सिंह रावत, गोविन्द सिंह नेगी, महिपाल सिंह नेगी, दिलवर सिंह रावत, विक्की विष्ट, सुरेंद्र सिंह सजवाण, गजपाल सिंह नेगी, रमेश चंद्र सेमवाल, महिधर प्रसाद सेमवाल, रघुवर दत्त सेमवाल, कैलाश मलवाल समेत कई लोग उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित डिमरी

/रामानुज

   

सम्बंधित खबर