जल एवं वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के प्रयास किये जांए : अरूण सक्सेना

-वन मंत्री की अध्यक्षता में उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की हुई बैठक

लखनऊ, 22 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरूण कुमार सक्सेना की अध्यक्षता में आज उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मुख्यालय में विभागीय कार्यो की समीक्षा की गई। मंत्री ने बोर्ड के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश की जल एवं वायु गुणवत्ता में सुधार लाये जाने हेतु निरन्तर प्रयास किये जाएं।

अरूण कुमार सक्सेना ने विभाग के अधिकारियों को बोर्ड के दायित्वों, निवेश मित्र पोर्टल पर लम्बित प्रकरणों को समयबद्ध रूप से निस्तारित किये जाने तथा राज्य में उद्योगों को ईज ऑफ डूइंग बिजनेस का प्लेटफार्म दिये जाने संबंधी निर्देश दिये गये।

अपर मुख्य सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मनोज सिंह ने बैठक में उपस्थित बोर्ड के अधिकारियों एवं वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से जुड़े हुए समस्त क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मंत्री द्वारा दिये गये निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए एवं उक्त कार्यो की नियत समीक्षा अग्रिम बैठक में की जाएगी।

सदस्य सचिव, उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड संजीव कुमार सिंह ने सूचीबद्ध बिन्दुओं के संबंध में प्रस्तुतिकरण दिया। बैठक में प्रदेश की नदियों/नालों की जल गुणता एवं प्रदेश के वायु की गुणता में सुधार हेतु किये जा रहे कार्यो की स्थिति की समीक्षा की गयी।

बैठक में डा0 चन्द्र भूषण, विशेष सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। बोर्ड के समस्त क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन वीडियों कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/पदुम नारायण

   

सम्बंधित खबर