कन्नौज: पूर्व मंत्री और वर्तमान सांसद में तीखी बहस का ऑडियो वायरल

- केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल पर तीन जाति प्रमाण पत्र रखने का दावा

कन्नौज, 22 फरवरी (हि.स.)। कन्नौज में भाजपा सांसद सुब्रत पाठक और बसपा सरकार में मंत्री रहे सतीश पाल के बीच टिकट की दावेदारी को लेकर फोन पर तीखी बहस हुई। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री ने खुद को असली गड़रिया बताते हुए भारत सरकार के मंत्री एसपी सिंह बघेल को शेड्यूल कास्ट का बताया। साथ ही दावा किया कि उनके पास तीन जातियों के सर्टिफिकेट हैं।

उन्होंने कहा कि एसपी सिंह बघेल के पास 3-3 कास्ट सर्टिफिकेट हैं और वह दलित हैं। भाजपा सांसद और पूर्व मंत्री के बीच बातचीत का ऑडियो वायरल हो रहा है। लोकसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में कन्नौज सीट पर पिछले चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को चुनाव हराने वाले भाजपा सांसद सुब्रत पाठक चुनावी चौसर पर बिसात बिछाने लग गए हैं।

दूसरी ओर बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व राज्यमंत्री सतीश पाल भी कन्नौज सीट पर अपनी दावेदारी के प्रयास में जुट गए हैं। इसके लिए उन्होंने न सिर्फ क्षेत्र में जनसंपर्क बढ़ा दिया, बल्कि होर्डिंग-बैनर के साथ ही गुरुवार को रामराज्य सामाजिक न्याय तिरंगा यात्रा भी निकाली। चुनावी तैयारियों में जुटे भाजपा सांसद सुब्रत पाठक और पूर्व मंत्री सतीश पाल के बीच फोन पर बातचीत हुई।

इसमें भाजपा सांसद ने पूर्व मंत्री से कहा कि आप जो कर रहें उससे सिर्फ नुकसान ही होगा। पार्टी के निर्णय के बारे में आपको भी पता होगा फिर क्यों ये सब कर रहे आप। सांसद की बात का जवाब देते हुए पूर्व राज्यमंत्री ने कहा कि हम ये सब इसलिए कर रहे हैं क्योंकि पूरे प्रदेश में एक भी गड़रिया समाज का कोई सांसद नहीं है। कोई हो तो बताओ।

उनके इस सवाल का जवाब देते हुए सासंद सुब्रत पाठक ने एसपी सिंह बघेल का नाम लिया तो सतीश पाल बोले कि वो शेड्यूल कास्ट की सीट पर हैं। वो गड़रिया नहीं है। उसके तीन सर्टिफिकेट हैं। हम तुमको दिखा सकते हैं। उसके पास ठाकुर का सर्टिफिकेट है, एक गड़रिया का सर्टिफिकेट है और एक उसके पास शेड्यूल कास्ट का सर्टिफिकेट है। इस बातचीत के बाद पूर्व मंत्री ने भाजपा सांसद सुब्रत पाठक पर धमकाने का आरोप लगाया, जबकि दूसरी ओर सांसद ने पूर्व मंत्री सतीश पाल पर गड़रिया समाज के गौरव व भारत सरकार के मंत्री एसपी सिंह बघेल का अपमान करने की बात कही है। इसके बाद दोनों पक्षों के समर्थक एक-दूसरे पर आरोप मढ़ते नजर आ रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव झा/मोहित/राजेश

   

सम्बंधित खबर