लोकसभा चुनाव : देश में चली ''लहर'' पर सवार होते रहे बलिया के वोटर

- बलिया में तापमान के साथ चढ़ता है मतदान का भी पारा

बलिया, 07 अप्रैल (हि. स.)। देश में हुए लोकसभा चुनावों में जब कोई खास किस्म की लहर चली, बागी तेवरों वाला जिला बलिया भी उससे बेअसर नहीं रहा। यहां के मतदाता भी उस लहर पर सवार होते रहे हैं।

समाजवाद की उर्वर धरती कहा जाने वाला यह जिला अपनी एक अलग ही चाल चलने का आदी रहा है। फिर चाहे आजादी के लिए हुए संघर्ष के दिनों की बात हो या देश में हुए अब तक के संसदीय चुनाव की, हर बार बागी धरती के मतदाता अपनी छाप जरूर छोड़ते हैं। देश के संसदीय चुनाव के इतिहास में आपात के बाद 1977 में बलिया के वोटर झूम के निकले। देश में कांग्रेस विरोधी लहर चली थी तो यहां भी 55.93 प्रतिशत मतदान हुआ था। तब यहां से जनता पार्टी के अध्यक्ष चन्द्रशेखर की विजय हुई थी। इसके बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की मौत के बाद 1884 के लोकसभा चुनाव में देश में सहानुभूति लहर चली तो तब के दिग्गज नेता के रूप में स्थापित हो चुके चंद्रशेखर को कांग्रेस के जगन्नाथ चौधरी के हाथों मात खानी पड़ी थी। 1884 में 55.09 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके बाद 1977 से लगातार (1884 को छोड़कर) चन्द्रशेखर लगातार जीतते रहे। इसके बाद नरेन्द्र मोदी भाजपा के प्रधानमंत्री उम्मीदवार के रूप में सामने आए तो 1977 और 1884 जैसी लहर देश ने 2014 में देखा। तब भी बलिया में 55 प्रतिशत मतदान हुआ। हालांकि, 1977 के रिकॉर्ड को यहां के मतदाता नहीं तोड़ पाए। इस बार यहां भाजपा के भरत सिंह ने पहली बार कमल खिलाया था। इस चुनाव में सपा उम्मीदवार और पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर (अब भाजपा में) को मात दी थी। 2019 के चुनाव में भी एक तरह से मोदी लहर कायम थी। लिहाजा 53.51 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस चुनाव में भाजपा के वीरेन्द्र सिंह को 469114 व सपा के सनातन पाण्डेय को 453595 मत मिले थे।

अब तक बलिया में हुए लोकसभा चुनावों का मत प्रतिशत

देश के आजाद होने के बाद 1952 में पहले आम चुनाव में 34.34 प्रतिशत मतदान बलिया में हुआ था। उसके बाद 1957 में 46.33, 1962 में 51.50, 1967 में 50.69, 1971 में 45.66, 1977 में 55.93, 1980 में 52.54, 1984 में 55.09, 1989 में 50.55, 1991 में 47.49, 1996 में 42.47, 1998 में 49.89, 1999 में 47.11, 2004 में 43.33, 2009 में 37.35, 2014 में 55 और 2019 में 53.51 प्रतिशत मतदान हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार/पंकज

/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर