डिंडोरीः सहायक आयुक्त उइके के विरुद्ध 2.5 करोड़ की छात्रवृति गबन के मामले में एफआईआर दर्ज

डिण्डोरी, 22 फरवरी (हि.स.)। कलेक्टर विकास मिश्रा ने गुरुवार को तत्कालीन जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त अमर सिंह उइके के विरुद्ध छात्रवृति के गबन का मामला दर्ज कराया है। कलेक्टर मिश्रा ने सख्त निर्देश दिए हैं कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई भी रियायत नहीं दी जाएगी और कठोर कार्यवाही की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि अमर सिंह उइके द्वारा पद पर रहते हुए अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति के गबन का आरोप है। उपरोक्त मामले में पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पुलिस ने धारा 420, 409, 34 के तहत मामला दर्ज किया है। वर्तमान में अमर सिंह उइके सिवनी जिले में सहायक आयुक्त के पद पर पदस्थ हैं। गबन की राशि 2 करोड़ 59 लाख 97 हजार 577 है। उइके पर कार्यालय के कर्मचारियों की अनियमित नियुक्ति के आदेश और कार्यालय के बैंक खातों की हेराफेरी का भी आरोप है। मामला दर्ज होने पर सहायक आयुक्त अमर सिंह उइके फरार हो गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर