बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के बेटे के रिसेप्शन में दिखेगी राम मंदिर की झलक

समारोह स्थल

- खनवर में डेढ़ लाख लोगों के लिए इंतजाम, खेसारी लाल लगाएंगे मनोरंजन का तड़का

बलिया, 23 फरवरी (हि. स.)। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर में विराजने के बाद से ही बना राममय माहौल अब शादियों में भी दिखने लगा है। बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के बेटे की शादी के बाद शुक्रवार को उनके पैतृक गांव खनवर में होने वाले रिशेप्शन में मेहमानों को राम मन्दिर की झलक देखने को मिलेगी।

अपने सामाजिक कार्यों से दानवीर की छवि रखने वाले रसड़ा से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के बेटे प्रिंस यूकेश सिंह की शादी 18 फरवरी को भव्य रूप से लखनऊ में हुई ही। जिसमें बसपा सुप्रीमो मायावती और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव वर-वधू को आशीर्वाद देने पहुंचे थे। राजनीति, अफसरशाही व उद्योग जगत से नामचीन हस्तियों ने विवाहोत्सव की शोभा बढ़ाई थी। अब उमाशंकर सिंह ने अपने बेटे की शादी के बाद हो रहे रिसेप्शन में रसड़ा समेत जिले के लोगों के लिए भव्य इंतजाम किए हैं।

वाराणसी के राजेश माली ने अयोध्या में निर्मित रामलला के भव्य मंदिर की आकृति बनाई है। जिसकी भव्यता देखते ही बन रही है। इस भव्य आयोजन में करीब डेढ़ लाख लोगों के भोजन व नाश्ते की व्यवस्था की गई है। उमाशंकर सिंह ने बताया कि करीब 70 हजार कार्ड गांव-गांव वितरित किए गए हैं। निमन्त्रित लोगों को खनवर स्थित कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए सैकड़ों बसों की व्यवस्था की गई है। हर रूट पर सुबह दस बजे से बसें चलने लगेंगी। जो नाश्ता और भोजन के बाद घर तक छोड़ेंगी भी। बता दें कि समारोह में आने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। भोजपुरी गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव, काजल राघवानी, अंकुश राजा समेत तमाम कला जगत की हस्तियां आ रही हैं। बसपा विधायक के पुत्र के रिसेप्शन में आने को लेकर लोग उत्साहित दिख रहे हैं। क्योंकि उमाशंकर सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को निमंत्रित किया है।

हिन्दुस्थान समाचार/एन पंकज/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर