संदेशखाली में भाजपा की महिला मोर्चा टीम को हिरासत में लिया गया

कोलकाता, 23 फरवरी (हि.स.)। उत्तर 24 परगना जिले के हिंसाग्रस्त संदेशखाली इलाके में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। यहां शुक्रवार को महिलाओं से मुलाकात के लिए जा रही भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की टीम को पुलिस ने रोक दिया। इसमें सांसद लॉकेट चटर्जी, विधायक अग्निमित्र पॉल के अलावा फाल्गुनी पात्र भी मौजूद थीं। हालांकि इन्हें संदेशखाली नहीं जाने दिया गया और काफी पहले रोक लिया गया।

पुलिस ने बताया कि उच्च माध्यमिक की परीक्षा चल रही है इसलिए भाजपा की टीम को नहीं जाने दिया जाएगा। इसके बाद लॉकेट चटर्जी और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर बहस हुई। भाजपा सांसद अपने साथ आए सदस्यों को लेकर सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। इसके बाद पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर गई है।

उन्हें भोजेरहाट इलाके में हिरासत में लिया गया। लॉकेट ने आरोप लगाया कि परीक्षा के कारण उन्हें बेवजह जाने नहीं दिया जा रहा है। लॉकेट ने खुद फेसबुक पर कहा कि इस राज्य में शाहजहां शेखों को गिरफ्तार नहीं किया जाता है। लेकिन उन्होंने संदेशखाली के लोगों से मिलना चाहा तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर