बद्रीनाथ धाम एवं हरिद्वार में श्रृद्धालुओं के लिए बनेगा आश्रम और धर्मशालाः उप मुख्यमंत्री शुक्ल

बद्रीनाथ धाम एवं हरिद्वार में श्रृद्धालुओं के लिए बनेगा आश्रम और धर्मशालाः उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल, 23 फरवरी (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि लक्ष्मणबाग संस्थान रीवा की स्वामित्व की जमीनों में बद्रीनाथ धाम एवं हरिद्वार में श्रृद्धालुओं के लिये आश्रम, धर्मशाला तथा आश्रम स्थल का निर्माण कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि आश्रम के निर्माण से विन्ध्य एवं रीवा वासियों को देवभूमि में रूकने में सुगमता होगी।

उप मुख्यमंत्री शुक्रवार को लक्ष्मणबाग परिसर रीवा में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गौशाला परिसर में गौ-माता की सेवा की। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि आश्रम व धर्मशाला में कमरों के अतिरिक्त, हाल का भी निर्माण कराया जायेगा इससे प्रवचन व धार्मिक अन्य आयोजनों सुगमता से किये जा सके। उल्लेखनीय है कि बद्रीनाथ धाम में 3 हजार वर्गफीट तथा हरिद्वार में 12 हजार 500 वर्गफीट जमीन लक्ष्मणबाग संस्थान रीवा के स्वामित्व की हैं। बैठक में पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह सहित संस्थान के सदस्य एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने नवदंपत्तियों को वैवाहिक जीवन की दी शुभकामनाएँ

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह/निकाय योजना की सफलता का आभास नवदंपत्तियों एवं उनके परिजनों के चेहरों में खुशी का भाव देखकर हो रहा है। उन्होंने पुष्पवर्षा कर नवीन-जोड़ों को शुभ आशीर्वाद दिया। उप मुख्यमंत्री ने नवदंपत्तियों को प्रतीक स्वरूप 49 हजार रुपये के चेक प्रदान किये। शुक्रवार को रीवा जनपद पंचायत एवं नगर निगम क्षेत्र के 234 जोड़े रीवा में सामूहिक विवाह आयोजन में दाम्पत्य जीवन में बंधे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, जनपद पंचायत अध्यक्ष संगीता यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा नवयुगल के परिजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा

   

सम्बंधित खबर