जगदलपुर : वनमंत्री केदार कश्यप ने सोनारपाल में प्रधानमंत्री के मन की बात सुनी

जगदलपुर, 25 फरवरी (हि.स.)। वनमंत्री केदार कश्यप ने आज रविवार को नारायणपुर विधानसभा अंतर्गत भाजपा मंडल भानपुरी के गांव सोनारपाल के परिवारजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनी। मंत्री कश्यप ने मन की बात के 110वें संस्करण सुनने के बाद कहा कि प्रधानमंत्री मोदी छोटी से छोटी बातों का सूक्ष्म अवलोकन करते हैं। वन्य जीवों के संरक्षण की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। वन्य जीवों को बचाने टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जा रहा है।

बघीरा और गरुड़ ऐप से वन्य जीवों के सरंक्षण में मदद मिल रही है। वहीं आज देश में ड्रोन दीदी की चर्चा हो रही है, महिलाएं प्राकृतिक खेती कर रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देशवासियों से कहा है कि कुछ दिनों बाद 08 मार्च को हम महिला दिवस मनाएंगे। यह विशेष दिन देश की विकास यात्रा में नारी शक्ति के योगदान को प्रणाम करने का अवसर है। एक और क्षेत्र जहां महिलाओं ने अपनी नेतृत्व क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया है, देश के कोने-कोने में महिलाएं अब प्राकृतिक खेती को विस्तार दे रही हैं।

मन की बात कार्यक्रम को लेकर वनमंत्री केदार कश्यप ने बताया कि आज हम सबके जीवन में तकनीक का महत्व बहुत बढ़ गया है। मोबाइल फोन, डिजिटल गैजेट्स हम सबकी जि़न्दगी का अहम हिस्सा बन गए हैं। डिजिटल गैजेट्स की मदद से अब वन्य जीवों के साथ तालमेल विकसित करने में मदद मिल रही है। कुछ दिन बाद 03 मार्च को विश्व वन्य जीव दिवस है। इस दिन को वन्य जीवों के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। इस वर्ष विश्व वन्य जीव दिवस की थीम में डिजिटल नवाचार को सर्वोपरि रखा गया है।

मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि पीएम मोदी ने कहा कि देश के कोने-कोने में महिलाएं अब प्राकृतिक खेती को विस्तार दे रही हैं। आज अगर देश में जल जीवन मिशन के तहत इतना काम हो रहा है तो इसके पीछे पानी समितियों की बहुत बड़ी भूमिका है। इस पानी समिति का नेतृत्व महिलाओं के ही पास है। इसके अलावा भी बहनें-बेटियां, जल संरक्षण के लिए चौतरफा प्रयास कर रही हैं। कुछ वर्ष पहले तक किसने सोचा था कि हमारे देश में, गांव में रहने वाली महिलाएं भी ड्रोन उड़ाएंगी, लेकिन आज ये संभव हो रहा है। आज तो गांव-गांव में ड्रोन दीदी की इतनी चर्चा हो रही है, हर किसी की जुबान पर नमो ड्रोन दीदी, नमो ड्रोन दीदी ये चल पड़ा है। हर कोई इनके विषय में चर्चा कर रहा है। एक बहुत बड़ी जिज्ञासा पैदा हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर