उम्र का सैकड़ा पूरा होने पर परिवार ने काटा केक

आरएसपुरा। आरएसपुरा कस्बे की वार्ड नंबर 6 नई बस्ती में रहने वाले बुजुर्ग नेत्र सिंह पुत्र लाल सिंह आज 100 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं। उनका जन्म वर्ष 1924 में हुआ था। रविवार को उनके परिजनों की तरफ से नेत्र सिंह की आयु के 100 वर्ष पूरे होने पर खुशी जताई गई तथा एक लंगर लगाया गया। इस मौके पर सरदार नेत्र सिंह के परिजनों के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों ने भी पहुंचकर बुजुर्ग नेत्र सिंह को मुबारकबाद दी। बताते चलें कि सरदार नेत्र सिंह महाराज की फौज में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं और उच्च पदों पर रहने के बाद वर्ष 1960 को सेवा मुक्त हुए थे। उन्होंने इस मौके पर पत्रकारों के साथ वर्ष 1947 की यादें भी ताजा की और बताया कि उन्होंने किस तरह से युद्ध में हिस्सा लेकर जीत हासिल की। उन्होंने कहा की 100 वर्ष की आयु होने के बाद भी उन्हें किसी तरह की कोई बीमारी नहीं है और आज भी अपने सारे काम खुद करते हैं। उन्होंने कहा कि सुबह जल्दी उठना और शाम को जल्दी सोना भी सेहत के लिए बेहतर है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह अपने नियम के अनुसार ही भोजन करते हैं। उन्होंने कहा कि आज उनकी चार पीढिय़ां हैं और अपने आप को बहुत ही भाग्यशाली समझते हैं। 

 

   

सम्बंधित खबर