धमतरी : पोलियो टीकाकरण के लिए जिले में बनाए गए 772 पोलियो बूथ

धमतरी, 28 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान प्रदेश में तीन से पांच मार्च तक चलाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा एसके मण्डल ने बताया कि, एक भी बच्चा पोलियो दवा पीने से न छूटे, इसके लिए जिले में 772 पोलियो बूथ बनाया गया है। यह पोलियो बूथ आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवन और उप स्वास्थ्य केंद्र में होगा। जिले में पांच साल के लक्षित कुल एक लाख 10 हजार 553 बच्चे बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। यह कार्यकम तीन दिन का होगा।

पहले दिन तीन मार्च को पोलियो बूथ पर दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद दूसरे एवं तीसरे दिन चार एवं पांच मार्च को पोलिया दल द्वारा छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर दवा दी जाएगी। गृह भ्रमण दल में 2 हजार 113 सदस्य हैं। बस स्टैंड, रेल्वे प्लेटफार्म व हाई रिस्क एरिया जैसे ईंटा भट्टा, कोयला भट्टा, निर्माण क्षेत्र, घुमन्तू परिवार आदि के लिए 25 अलग टीम बनाई गयी है तथा मेला एवं बाजार के लिए दो टीम अलग से बनाई गई है। इसमें 56 सदस्य हैं। सभी सदस्य वहां के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे। जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा 28 मार्च 2014 को भारत पोलियो मुक्त देश घोषित किया जा चुका है। लेकिन हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान, अफगानिस्तान, नाइजीरिया जैसे देशों में अभी भी पोलियो के वायरस मिल रहे हैं। चूंकि एक देश से दूसरे देश के नागरिकों का आना-जाना लगा रहता है, इसलिए पोलियो के वायरस वहां के संक्रमित व्यक्तियों के आवागमन से हमारे देश को संक्रमित कर सकते है। इसलिए पड़ोसी देश में जब तक पोलियो बीमारी के मरीज मिलेंगे तब तक यह कार्यक्रम चलता रहेगा। पालकों से अपील की गई है कि पल्स पोलियो अभियान के दौरान वे अपने पांच साल तक के बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं।

हिन्दुस्थान समाचार/ रोशन सिन्हा

   

सम्बंधित खबर