मराठा नेता मनोज जारांगे की फिर बिगड़ी तबीयत

मुंबई, 02 मार्च (हि.स.)। मराठा नेता मनोज जारांगे पाटिल की तबीयत अचानक खराब हो गई है और जालना जिले के अंतरवाली में उनका इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों ने कहा है कि उन्हें इलाज के लिए तुरंत छत्रपति संभाजीनगर ले जाने की जरूरत है। इसे देखते हुए मनोज जारांगे को छत्रपति संभाजीनगर में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार मनोज जारांगे को शुक्रवार सुबह छत्रपति संभाजीनगर स्थित घाटी अस्पताल से छुट्टी दी गई थी। इसके बाद जारांगे अपने गांव जालना स्थित अंतरवाली सराटी पहुंचे थे और वहां मराठा नेताओं के साथ बैठक की थी। शुक्रवार को देर रात में अचानक जारांगे के सीने में दर्द शुरू हो गया था। जैसे ही उन्हें दर्द महसूस होने लगा तो डॉक्टरों की एक टीम को वहां भेजा गया। डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज किया और उन्हें इंजेक्शन और सलाइन दिया।

डॉक्टर विष्णु सांकुडे ने बताया कि मनोज जारांगे पाटिल का प्राथमिक इलाज किया गया है। उन्हें आगे इलाज की सख्त जरूरत है इसलिए उन्हें छत्रपति संभाजीनगर भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि मनोज जारांगे ने अंतरवाली सराटी में 17 दिनों तक अनशन किया था। इससे उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें इलाज के लिए छत्रपति संभाजीनगर के घाटी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, लेकिन कल उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई थी और कल ही देर रात उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसलिए मराठा समुदाय में मनोज जारांगे के स्वास्थ्य को लेकर चिंता का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर